मुजफ्फरनगर: प्रधानों ने सरकार का जताया आभार, DPRO को हटाने की उठी मांग

मुजफ्फरनगर। मेरठ रोड स्थित एक निजी रेस्टोरेंट में रविवार को अखिल भारतीय प्रधान संगठन के तत्वावधान में ग्राम प्रधान गौरव एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर के ग्राम प्रधानों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधानों ने अपने कार्यकाल को बढ़ाने और प्रशासक की जिम्मेदारी निर्वाचित प्रधानों को ही सौंपे जाने के निर्णय के लिए प्रदेश सरकार का आभार जताया। कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, बुढ़ाना विधायक राजपाल बालियान और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

अखिल भारतीय प्रधान संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप चौधरी ने कहा कि पहले प्रशासनिक अधिकारियों को प्रशासक बनाए जाने से कई स्तरों पर अनियमितताएं देखने को मिली थीं। उन्होंने बताया कि संगठन लगातार इस बात की मांग कर रहा था कि ग्राम प्रधानों को ही प्रशासकीय जिम्मेदारी दी जाए और उनका कार्यकाल बढ़ाया जाए, जिसे सरकार ने स्वीकार कर लिया है।
हालांकि उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में प्रशासनिक स्तर पर ग्राम प्रधानों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। उनका कहना था कि गांवों में नल मरम्मत, नालियों की सफाई और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए भी अनावश्यक अनुमति लेनी पड़ रही है, जिससे विकास कार्य बाधित हो रहे हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रधानों ने जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) को हटाने की भी मांग उठाई। इस पर पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि सरकार की मंशा के विपरीत काम करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई तय है। उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्राम प्रधानों की समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर समाधान कराया जाएगा।

डॉ. बालियान ने यह भी कहा कि गांवों के विकास कार्यों में अनावश्यक प्रक्रियाओं को सरल बनाया जाना चाहिए ताकि योजनाओं का लाभ समय पर लोगों तक पहुंच सके।
राजनीतिक सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लगातार मजबूत स्थिति में है और विपक्ष को अपनी स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। वहीं अयोध्या राम मंदिर से जुड़े चंदा मामले पर उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी अनियमितता सामने आती है तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, क्योंकि यह करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विषय है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.