हरियाणा में ACB का बड़ा एक्शन, 50 हजार की रिश्वत लेते चालक और चपरासी गिरफ्तार

हरियाणा: एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने मंगलवार दोपहर बड़ी कार्रवाई करते हुए सेल्स टैक्स विभाग से जुड़े एक चपरासी और चालक को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोप है कि दोनों स्क्रैप कारोबारी से पैसे ले रहे थे। गिरफ्तारी के बाद दोनों को ACB कार्यालय ले जाया गया, जहां उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई के बाद विभाग के कुछ अन्य अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो गए हैं और पूरे मामले की जांच जारी है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चालक धोलूराम और चपरासी सुशील के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि धोलूराम विभाग में एक ETO का ड्राइवर था।
ACB इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह के अनुसार, जींद जिले के धमतान साहिब निवासी स्क्रैप कारोबारी बिशनदत्त ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सेल्स टैक्स विभाग के कुछ कर्मचारी उससे लगातार रिश्वत की मांग कर रहे हैं। शिकायत के आधार पर टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।
योजना के तहत शिकायतकर्ता ने आरोपियों को हिसार रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास 50 हजार रुपये लेने के लिए बुलाया। जैसे ही पैसे का लेन-देन हुआ, ACB टीम ने तुरंत दोनों को मौके पर पकड़ लिया।
बिल और कार्रवाई के नाम पर रिश्वत का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार वह पुरानी बैटरियों का कारोबार करता है और फतेहाबाद से स्क्रैप एकत्र कर जींद में बेचता है। चूंकि इस कारोबार में कई बार बिल उपलब्ध नहीं होते, आरोप है कि विभागीय कर्मचारी इसी बात का फायदा उठाकर उसे परेशान करते थे और चालान का डर दिखाकर पैसे वसूलते थे।
बताया गया है कि इस बार भी उससे 50 हजार रुपये की मांग की गई थी, जिसके बाद उसने परेशान होकर एसीबी से संपर्क किया और पूरी शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.