पलवल में तेज आंधी-बारिश से भारी तबाही, गिरे 200 से ज्यादा पोल, कई गांव अंधेरे में

पलवल में गुरुवार दोपहर अचानक आई तेज आंधी और बारिश ने जिले में भारी तबाही मचा दी। करीब 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी के चलते बिजली ढांचे को बड़ा नुकसान पहुंचा, वहीं कई इलाकों में जलभराव और पेड़ों के गिरने से जनजीवन प्रभावित हो गया।
बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई
मेघपुर-मीरपुर कौराली के बीच 220 केवी सबस्टेशन के दो टावर गिरने से पूरे शहर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसके अलावा जिले में 300 से अधिक बिजली के पोल टूट गए और 400 से ज्यादा पेड़ गिरने की जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक बिजली निगम को करीब एक करोड़ रुपये तक का नुकसान हुआ है।
आंधी के कारण पलवल, यमुना खादर क्षेत्र, मेघपुर, धतीर, पृथला इंडस्ट्रियल एरिया, बामनीखेड़ा और औरंगाबाद समेत कई गांवों में बिजली बाधित रही।
आधे घंटे की बारिश में जलभराव
तेज आंधी के बाद हुई बारिश ने गर्मी से राहत जरूर दी, लेकिन शहर में जलभराव की स्थिति पैदा कर दी। रेलवे रोड, अलावलपुर रोड, माल गोदाम रोड, कमेटी चौक, हुडा चौक, दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे, सब्जी मंडी, अलीगढ़ रोड, ओल्ड सोहना रोड समेत कई जगहों पर घंटों पानी जमा रहा।
कुछ क्षेत्रों में एक फीट तक पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। शाम तक धीरे-धीरे पानी निकासी तो हो गई, लेकिन सड़कों पर गंदगी फैल गई।
अचानक बदला मौसम, दोपहर में आई आंधी
सुबह तक तेज धूप और गर्मी के बाद दोपहर करीब एक बजे मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ आई आंधी ने शहर में होर्डिंग्स, यूनिपोल, पेड़ और बिजली के खंभों को नुकसान पहुंचाया।
रसूलपुर गांव के पास एक साथ 11 बिजली पोल गिर गए, जिन्हें हटाने का काम देर शाम तक जारी रहा।
पेड़, टंकियां और सोलर पैनल भी क्षतिग्रस्त
आंधी के कारण कई स्थानों पर पेड़ सड़कों पर गिर गए। लघु सचिवालय अंडरपास के पास एक पीपल का पेड़ तारों पर गिरकर लटक गया। वहीं एक कार पर पेड़ गिरने से बड़ा हादसा टल गया।
तेज हवाओं से कई घरों की पानी की टंकियां भी उड़ गईं और कुछ जगहों पर छतों पर लगे सोलर पैनल क्षतिग्रस्त हो गए।
मरम्मत में जुटा बिजली विभाग
स्थिति को संभालने के लिए बिजली निगम के 200 से अधिक कर्मचारी और अधिकारी मरम्मत कार्य में जुटे रहे। अधीक्षण अभियंता रंजन राव के अनुसार सबसे अधिक नुकसान पलवल और चांदहट सब डिविजन में हुआ है।
अब तक 200 से अधिक पोल टूटने और दो दर्जन से ज्यादा ट्रांसफार्मर खराब होने की पुष्टि हुई है। कई जगह एलटी लाइनें भी टूट गई हैं, जिससे आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है।
अधिकारियों का कहना है कि जहां हल्की मरम्मत संभव है वहां आपूर्ति बहाल की जा रही है, जबकि गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त क्षेत्रों में मरम्मत कार्य अगले दिन तक जारी रहेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.