कोलकाता में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, जलभराव और बिजली हादसों से पांच की मौत

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार रात से हो रही लगातार भारी बारिश ने आम जीवन प्रभावित कर दिया है। कई इलाकों में पानी घुटनों तक भर गया और यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया। बारिश के कारण कई घरों और आवासीय परिसरों में पानी प्रवेश कर गया।
बारिश के दौरान कई बिजली के तार भी गिर गए, जिससे करंट लगने से अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है। बिजली हादसे को रोकने के लिए सीईएससी को शहर के कुछ क्षेत्रों में लाइनें काटने का निर्देश दिया गया है।
मेट्रो सेवाओं पर भी असर पड़ा। महानायक उत्तम कुमार और रवींद्र सरोबर स्टेशनों के बीच मध्य खंड में जलभराव के कारण यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए शहीद खुदीराम से मैदान स्टेशन के बीच मेट्रो सेवाएं स्थगित कर दी गई हैं। दक्षिणेश्वर और मैदान स्टेशनों के बीच भी मेट्रो संचालन सीमित कर दिया गया है।
आईएमडी के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्व में बना कम दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है, जिससे दक्षिण बंगाल के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। विशेषकर पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना, झाड़ग्राम और बांकुड़ा जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
कोलकाता नगर निगम के आंकड़ों के मुताबिक, दक्षिण कोलकाता के गरिया कामदहारी में कुछ घंटों में 332 मिमी, जोधपुर पार्क में 285 मिमी, कालीघाट में 280 मिमी, तोपसिया में 275 मिमी और बल्लीगंज में 264 मिमी बारिश दर्ज की गई। उत्तरी कोलकाता के थंटानिया इलाके में 195 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई। नगर निगम ने नागरिकों से सतर्क रहने और जलभराव वाले इलाकों में सावधानी बरतने की अपील की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.