उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में भारी बारिश से बिगड़े हालात, कई मार्गों पर आवाजाही ठप

HIGHLIGHTS
- शुक्रवार को सुबह से शाम चार बजे तक लगातार मूसलधार बारिश हुई।
- ला-झेकला क्षेत्र में पहाड़ी से मलबा और बोल्डर सड़क पर आ गए।
- थल-मुनस्यारी और जौलजीबी-मुनस्यारी मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हुई।
पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में शुक्रवार सुबह से शाम चार बजे तक लगातार मूसलधार बारिश होती रही। लगातार बारिश के कारण जिले में आपदा जैसे हालात बन गए हैं।
मुनस्यारी सहित आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार रात से जारी भारी बारिश के बीच थल-मुनस्यारी मोटर मार्ग के ला-झेकला क्षेत्र में जबरदस्त भूस्खलन हुआ। पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा और बोल्डर सड़क पर आ जाने के कारण मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हो गई है। ला-झेकला में 7 अगस्त 2009 को भी भारी भूस्खलन हुआ था, जिसमें 44 लोगों की मलबे में दबने से मौत हो गई थी।
सभी नदी-नाले उफान पर
थल-मुनस्यारी और जौलजीबी-मुनस्यारी मार्ग बंद होने से मुनस्यारी तहसील का संपर्क कट गया है। सभी नदी-नाले उफान पर हैं। थल-मुनस्यारी मार्ग पर रातीगाड़ में भारी भूस्खलन के बाद नाला उफान पर आ गया है। लोग जान जोखिम में डालकर आवाजाही कर रहे हैं। इसी मार्ग पर ला-झेकला में बला नाले का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है और मार्ग बंद है।
जौलजीबी-मुनस्यारी मार्ग घिघरानी से आगे कई स्थानों पर बंद हो चुका है। टनकपुर-तवाघाट हाईवे, कूलागाड़, एलागाड़ और तवाघाट-लिपुलेख मार्ग भी रात से बंद हैं। मुनस्यारी तहसील सहित पूरी चीन सीमा से संपर्क कट गया है। सौ से अधिक गांवों का अपने तहसील मुख्यालयों से संपर्क बाधित हो गया है। लगातार बारिश के बीच प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
काली-गोरी नदी का जलस्तर बढ़ा, जौलजीबी पुलिस की अपील
भारी बारिश के कारण काली और गोरी नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जौलजीबी पुलिस पूरी तरह सतर्क है। अपर उपनिरीक्षक महेश पंत ने आम लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
उन्होंने लोगों से नदी किनारे जाने से बचने, बच्चों और बुजुर्गों को नदी-नालों से दूर रखने तथा अनावश्यक रूप से जोखिम नहीं उठाने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि लगातार हो रही बारिश के कारण काली और गोरी नदी समेत स्थानीय गधेरों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में लोग सुरक्षित स्थानों पर रहें और पुलिस-प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.