चमोली में भारी बारिश के बाद तमक नाला उफान पर, वैली ब्रिज बहा; एक चालक लापता

HIGHLIGHTS
- ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
- पुल बहने के दौरान तीन वाहन भी तेज बहाव की चपेट में आए।
- अलकनंदा का जलस्तर बढ़ने की आशंका पर नदी किनारे रहने वालों को सतर्क किया गया।
चमोली। चमोली जिले की नीति घाटी में सोमवार शाम हुई तेज बारिश के बाद तमक नाला अचानक उफान पर आ गया। पानी के तेज बहाव के चलते ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमक नाले में बना वैली ब्रिज बह गया। पुल के बह जाने से नीति घाटी में वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, 123 बीआरटीएफ, सुराईथोटा की ओर से बनाया गया वैली ब्रिज नाले में अत्यधिक पानी के बहाव के कारण क्षतिग्रस्त होकर बह गया।
पुल के बहने के दौरान GREIF का स्कॉर्पियो वाहन संख्या 24 BE 16058, बोलेरो कैंपर संख्या 23 B 15947 और एक अन्य वाहन भी प्रभावित हुआ। इस दौरान स्कॉर्पियो चालक NK पंकज कुमार के बहने की सूचना है। उनकी तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। स्कॉर्पियो वाहन को सुरक्षित स्थान पर कर दिया गया है।
सुरक्षा को देखते हुए मलारी की ओर से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही हैं और राहत एवं बचाव कार्य की तैयारी की जा रही है।
तमक नाले में जल प्रवाह बढ़ने के कारण अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका है। इसे देखते हुए प्रशासन ने निचले इलाकों में नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से मुनादी कर लोगों को सावधानी बरतने और नदी-नालों से दूर रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब होने पर अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.