मुजफ्फरनगर में आज सभी शिक्षण संस्थानों में अवकाश, बारिश को लेकर लिया गया फैसला

HIGHLIGHTS
- जिला विद्यालय निरीक्षक ने 25 सितंबर को आदेश जारी किया।
- आदेश शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे जारी किया गया।
- मौसम विभाग और शासन से भारी बारिश की सूचना मिली थी।
मुजफ्फरनगर। जिले में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए 26 सितंबर यानी शनिवार को सभी स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे। डीएम के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे सभी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित करने का आदेश जारी किया।
जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव की ओर से 25 सितंबर को जारी आदेश में बताया गया कि मौसम विभाग और उत्तर प्रदेश शासन से मिली सूचना के अनुसार 26 सितंबर को जिले में भारी बारिश होने की संभावना है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों को शनिवार को पूरी तरह बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इस आदेश के दायरे में राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, वित्तविहीन मान्यता प्राप्त, बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों के अलावा सीबीएसई, आईसीएसई स्कूल तथा उच्च शिक्षा संस्थान भी शामिल हैं।
निर्धारित परीक्षाएं बाद में होंगी
आदेश में कहा गया है कि यदि किसी स्कूल या शिक्षण संस्थान में 26 सितंबर को मासिक परीक्षा, अर्धवार्षिक परीक्षा या अन्य कोई परीक्षा निर्धारित है, तो उसे बाद की तारीख में कराया जाएगा। परीक्षा की नई तिथि संबंधित शिक्षण संस्थान तय करेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी प्रधानाचार्यों तथा प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा गया है कि आदेश के पालन में किसी भी तरह की लापरवाही मिलने पर संबंधित विद्यालय के प्रबंधक और प्रधानाचार्य स्वयं जिम्मेदार होंगे।
बेसिक शिक्षा विभाग को भी भेजी गई आदेश की प्रति
अवकाश से संबंधित आदेश की प्रतिलिपि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भी भेजी गई है, ताकि उनके अधीन आने वाले सभी विद्यालयों में 26 सितंबर को अवकाश सुनिश्चित कराया जा सके।
आदेश जारी होने के बाद सभी स्कूल-कॉलेजों की ओर से अभिभावकों और विद्यार्थियों को व्हाट्सऐप तथा टेक्स्ट मैसेज के माध्यम से भी छुट्टी की जानकारी दी गई है। वहीं, अलर्ट के अनुसार शनिवार सुबह करीब 4 बजे से ही जिले के कई हिस्सों में बूंदाबांदी शुरू हो गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.