होटल में चाय पी रहे भाजपा नेता पर चाकू से हमला, मचा हड़कंप

HIGHLIGHTS
- घायल राजेंद्र यादव को भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- पुलिस ने घटना से जुड़े वीडियो फुटेज को जांच में शामिल किया है।
- पुलिस के मुताबिक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश जारी है।
दुर्ग। जिले के उतई थाना क्षेत्र के जोरातराई में शनिवार सुबह भाजपा नेता राजेंद्र यादव पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि राजेंद्र यादव रोजाना की तरह एक होटल में चाय पी रहे थे। इसी दौरान उनका पुराना दोस्त वहां पहुंचा और पीछे से उनकी गर्दन पर चाकू से वार कर दिया।
अचानक हुए हमले के बाद होटल में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चाकू लहराते हुए मौके से फरार हो गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी हमला करते हुए नजर आ रहा है।
3-4 साल से नहीं हो रही थी बातचीत
घायल भाजपा नेता ने पुलिस को बताया कि आरोपी के साथ पहले उनकी अच्छी दोस्ती थी, लेकिन पिछले 3-4 वर्षों से दोनों के बीच बातचीत नहीं हो रही थी। राजेंद्र यादव के मुताबिक, उनके और आरोपी के बीच किसी तरह की दुश्मनी या पुरानी रंजिश भी नहीं थी।
चाकू से हुए हमले में घायल राजेंद्र यादव को इलाज के लिए भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
वीडियो के आधार पर आरोपी की तलाश
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने सामने आए वीडियो फुटेज को भी जांच का हिस्सा बनाया है। आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीम संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है।
जल्द गिरफ्तारी का दावा
दुर्ग ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि जोरातराई गांव में दो लोगों के बीच मारपीट की घटना हुई है। इस दौरान एक व्यक्ति ने दूसरे पर चाकू से हमला किया और मौके से फरार हो गया।
उन्होंने बताया कि घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.