मुजफ्फरनगर में अवैध हथियारों के गिरोह का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- एक हीरो स्प्लेंडर बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ली।
- आरोपियों के पास से चार हजार रुपये और दो मोबाइल फोन बरामद हुए।
- पुलिस के अनुसार, हथियार मेरठ निवासी एक व्यक्ति से खरीदे जाते थे।
मुजफ्फरनगर। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चार .32 बोर पिस्टल, छह खाली मैगजीन, छह 315 बोर तमंचे और एक 12 बोर तमंचा बरामद किया है।
इसके अलावा हथियारों की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मारुति सुजुकी फ्रोंक्स कार, हीरो स्प्लेंडर बाइक, चार हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी पुलिस को मिले हैं।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि 30 सितंबर को कोतवाली नगर पुलिस गश्त के साथ संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने न्याजूपुरा-चरथावल रोड पर काली नदी पुल के पास कुछ लोगों के अवैध हथियारों के साथ मौजूद होने की सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। वहां एक कार में तीन लोग बैठे मिले। तलाशी लेने पर उनके पास से अवैध हथियार बरामद हुए।
मेरठ से हथियार खरीदकर सप्लाई करने का दावा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान समीर और उमंग उर्फ देवा चौहान ने बताया कि वे अवैध हथियारों की सप्लाई करते हैं। उनके मुताबिक, मेरठ निवासी एक व्यक्ति से हथियार खरीदे जाते थे और मांग के अनुसार अलग-अलग स्थानों पर उनकी सप्लाई की जाती थी।
वहीं नितेश सैनी ने पुलिस को बताया कि उसकी समीर से पहचान थी और वह उससे अवैध असलाह खरीदने के लिए आया था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितेश सैनी निवासी सरधना, मेरठ, समीर निवासी मजीदपुरा, हापुड़ और उमंग उर्फ देवा चौहान निवासी मटौर, मेरठ के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, समीर के खिलाफ मेरठ के कोतवाली नगर थाने में वर्ष 2026 में आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज है। वहीं उमंग के खिलाफ इंचौली थाने में बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज बताया गया है। पुलिस तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।
मामले में कोतवाली नगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 432/2026 के तहत आयुध अधिनियम की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब हथियारों के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
एक साल में 1,100 अवैध हथियार बरामद
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि मुजफ्फरनगर पुलिस ने पिछले एक साल के दौरान करीब 2,100 कारतूस और 1,100 अवैध हथियार बरामद किए हैं।
कार्रवाई एसपी सिटी अमृत जैन, एएसपी/सीओ नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में की गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.