सीजेपी प्रदर्शन का असर: दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन आज भी बंद, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

HIGHLIGHTS
- जंतर-मंतर प्रदर्शन के चलते दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन गुरुवार को भी अगले आदेश तक बंद रहेंगे।
- राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय पर केवल इंटरचेंज सुविधा उपलब्ध रहेगी।
- नीट पेपर लीक और शिक्षा सुधार की मांग को लेकर सीजेपी और छात्र पिछले एक महीने से प्रदर्शन कर रहे हैं।
नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन का असर दिल्ली मेट्रो सेवाओं पर लगातार पड़ रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन आज बृहस्पतिवार को भी बंद रहेंगे।
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) ने सीजेपी के ‘चलो संसद’ प्रदर्शन और सुरक्षा कारणों के मद्देनजर राजीव चौक और केंद्रीय सचिवालय समेत 16 मेट्रो स्टेशनों को सुबह 07:30 बजे से अगले आदेश तक बंद रखने की घोषणा की है।
ये स्टेशन रहेंगे बंद
- लोक कल्याण मार्ग
- राजीव चौक
- पटेल चौक
- रामकृष्ण आश्रम मार्ग
- बाराखंभा रोड
- सुप्रीम कोर्ट
- सेवा तीर्थ
- जनपथ
- मंडी हाउस
- केंद्रीय सचिवालय
- आईटीओ
- दिल्ली गेट
- इंद्रप्रस्थ
- खान मार्केट
- जोर बाग
- शिवाजी स्टेडियम
न एंट्री होगी, न एग्जिट
इन सभी स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और निकास दोनों पर रोक रहेगी। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी।
इससे पहले बुधवार को भी दिल्ली मेट्रो ने लगभग शाम 6:30 बजे तक 16 स्टेशनों को बंद रखा था। डीएमआरसी के इस फैसले से स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
गौरतलब है कि सोमवार को भी दिल्ली मेट्रो के सात स्टेशन बंद किए गए थे। नीट परीक्षा पेपर लीक के विरोध और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर सीजेपी और छात्र पिछले एक महीने से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.