अदियाला जेल से शिफा अस्पताल शिफ्ट हुए इमरान खान, पूरा इलाका छावनी में तब्दील

HIGHLIGHTS
- इमरान खान को गुरुवार देर रात अस्पताल में भर्ती कराया गया।
- उन्हें अदियाला जेल से शिफा इंटरनेशनल अस्पताल ले जाया गया।
- मेडिकल जांच के बाद आगे का फैसला लिया जाएगा।
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद गुरुवार देर रात इलाज के लिए इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इससे पहले सरकार ने शीर्ष अदालत के निर्देशों का पूरी तरह पालन करने का आश्वासन दिया था।
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के अनुसार, इमरान खान को रावलपिंडी की अदियाला जेल से इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया।
टीओआई के अनुसार, मेडिकल जांच के बाद उन्हें वापस जेल भेजा जाएगा या अस्पताल में ही रहने की अनुमति मिलेगी, इसको लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। हालांकि, उनकी पार्टी और परिवार ने उन्हें अस्पताल में ही रखकर इलाज जारी रखने की मांग की है।
इलाज के लिए विदेश भेजे जा सकते हैं इमरान खान
संसदीय मामलों के मंत्री तारिक फजल चौधरी ने कहा है कि अगर देश की सरकारी सुविधाओं में पर्याप्त चिकित्सा देखभाल उपलब्ध नहीं हो पाती है, तो सरकार इमरान खान को इलाज के लिए विदेश भेजने पर भी विचार कर सकती है।
सुप्रीम कोर्ट की तीन जजों की पीठ ने इमरान खान के स्वास्थ्य और इलाज तक पहुंच को लेकर जताई गई चिंताओं के बाद उन्हें शिफा इंटरनेशनल अस्पताल ले जाने का निर्देश दिया था।
अदालत ने विशेषज्ञों और उनके व्यक्तिगत चिकित्सक डॉ. फैसल सुल्तान को शामिल करते हुए एक मेडिकल बोर्ड गठित कर जांच कराने का आदेश दिया है। सरकार ने अदालत से यह स्पष्टीकरण भी मांगा था कि क्या यह चिकित्सकीय राहत केवल पूर्व प्रधानमंत्री के लिए है या अन्य कैदियों को भी मिल सकती है।
क्या है मामला?
द गार्डियन के अनुसार, जनवरी के अंत में इमरान खान के परिवार ने दावा किया था कि उनकी दाहिनी आंख की लगभग 85% दृष्टि चली गई है। हालांकि, अधिकारियों ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा था कि उनकी रोशनी में 70% तक सुधार हुआ है।
अप्रैल 2022 में अविश्वास प्रस्ताव के जरिए सत्ता से हटाए गए इमरान खान भ्रष्टाचार के कई मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद 2023 से जेल में बंद हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.