सीट बंटवारे पर इमरान मसूद की नाराजगी, बोले- कांग्रेस को जीतने वाली सीटें भी मिलनी चाहिए

HIGHLIGHTS
- कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद इमरान मसूद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
- वीडियो में उन्होंने गठबंधन के भीतर सीट बंटवारे को लेकर नाराजगी जाहिर की।
- मसूद ने कहा कि कांग्रेस को क्वालिटी और क्वांटिटी दोनों का ध्यान रखते हुए सीटें मिलनी चाहिए।
यूपी: प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद इमरान मसूद अपने बयानों को लेकर पिछले कई दिनों से चर्चा में हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह गठबंधन के भीतर सीटों के बंटवारे को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करते नजर आ रहे हैं।
इमरान मसूद का कहना है कि गठबंधन में कांग्रेस को केवल सीटों की संख्या के आधार पर नहीं, बल्कि जीत की संभावना को देखते हुए भी सीटें मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सीट बंटवारे में क्वालिटी और क्वांटिटी, दोनों का ध्यान रखना जरूरी है। उनके मुताबिक, कांग्रेस को ऐसी सीटें दी जा रही हैं, जहां पिछले चुनावों में हार का अंतर 80 हजार से लेकर एक लाख से ज्यादा वोटों तक रहा है। ऐसे में इन सीटों पर चुनाव लड़ने से पार्टी को क्या हासिल होगा?
मसूद ने कहा कि अपनी पार्टी के हितों की बात रखना कांग्रेस के लिए गलत नहीं है। अगर गठबंधन में कांग्रेस को सिर्फ कमजोर सीटें ही दी जानी हैं, तो फिर उसकी जरूरत क्या है। उन्होंने कहा कि जीतने की क्षमता का प्रमाणपत्र किसी एक पार्टी के पास नहीं है और कांग्रेस की भी अपनी ताकत है। इसलिए सीटों के बंटवारे में पार्टी की हैसियत और उसके प्रदर्शन को ध्यान में रखा जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस की कमजोरियों का हवाला बार-बार दिया जाता है। कभी पार्टी की जमानत जब्त होने की बात होती है, तो कभी संगठन और कार्यकर्ताओं की कमी गिनाई जाती है। मसूद के मुताबिक, अगर कांग्रेस इतनी ही कमजोर है, तो उसके साथ गठबंधन करने की इतनी जल्दबाजी क्यों दिखाई जा रही है? गठबंधन का हिस्सा बनने का अर्थ यह नहीं है कि कांग्रेस किसी दूसरे दल के सामने सरेंडर कर दे। उन्होंने कहा कि वह अपनी पार्टी के हितों के लिए आखिरी दम तक लड़ेंगे।
गठबंधन विरोधी के तौर पर पेश की जा रही छवि
वायरल वीडियो में इमरान मसूद ने कहा कि उनकी छवि गठबंधन विरोधी के रूप में बनाई जा रही है, जबकि वह केवल सम्मानजनक सीट बंटवारे की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले भी गठबंधन के लिए प्रयास करती रही है।
मसूद ने वर्ष 2022 का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी कांग्रेस समाजवादी पार्टी के साथ थी। राष्ट्रीय लोकदल और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी सहित कई अन्य दल भी गठबंधन में शामिल थे। हालांकि, उन्होंने कहा कि उस गठबंधन के नतीजों पर गंभीरता से विचार और मंथन करने की जरूरत है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.