प्रेम संबंध के बीच मासूम की मौत: मेरठ नाले में मिला छह माह के बच्चे का शव

HIGHLIGHTS
- इमरान की तहरीर पर गंगोह पुलिस ने दर्ज की जीरो एफआईआर, जांच मेरठ पुलिस करेगी।
- सोहराब गेट क्षेत्र के नाले से मिले शव की पहचान छह माह के समीर के रूप में हुई।
- परिवार ने इंस्टाग्राम से शुरू हुए कथित संबंध को लेकर लगाए गंभीर आरोप।
सहारनपुर: छह माह के मासूम समीर की मौत मामले में गंगोह के दौलतपुर छन्नों गांव निवासी इमरान ने अपनी पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इमरान का आरोप है कि उसकी पत्नी इंस्टाग्राम पर बने प्रेमी के बुलावे पर 12 जुलाई को बेटे समीर को लेकर मेरठ पहुंची थी। जहां प्रेमी ने बच्चे को अपने साथ रखने से इनकार कर उसे दोस्त के पास छोड़ने की बात कही। इसके बाद अगले दिन मेरठ के सोहराब गेट क्षेत्र में नाले से मासूम का शव बरामद हुआ।
इस मामले में गंगोह थाना पुलिस ने इमरान की तहरीर के आधार पर जीरो एफआईआर दर्ज कर ली है।
दवा लेने के लिए निकली थी पत्नी, नहीं लौटी
इमरान ने तहरीर में बताया कि 12 जुलाई को उसकी पत्नी छह माह के बेटे समीर को लेकर गंगोह दवाई लेने आई थी। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी। इमरान ने बताया कि वह तभी से पत्नी और बेटे की तलाश कर रहा था।
22 जुलाई को उसने गंगोह थाने में पत्नी और बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। तलाश के दौरान 26 जुलाई को उसकी पत्नी हापुड़ जिले के मुदाफरा गांव में विशाल के घर मिली, लेकिन समीर वहां मौजूद नहीं था।
इसके बाद इमरान अपनी पत्नी को घर लेकर आया और बच्चे के बारे में जानकारी ली। पत्नी ने बताया कि कुछ महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए उसकी बातचीत विशाल से शुरू हुई थी और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए थे।
मेरठ में मिलने बुलाया था प्रेमी
महिला के अनुसार, 12 जुलाई को विशाल ने उसे मेरठ के सोहराब गेट बस स्टैंड पर मिलने के लिए बुलाया था। रात करीब 11:30 बजे दोनों की मुलाकात हुई।
महिला ने बताया कि विशाल ने कहा कि वह बच्चे को अपने घर नहीं ले जा सकता। उसने कहा कि वह बच्चे को स्टैंड के पास अपने एक दोस्त के पास छोड़ आएगा। महिला भी इसके लिए तैयार हो गई।
पांच मिनट बाद लौटकर दी बच्चे को छोड़ने की जानकारी
महिला ने बताया कि विशाल बच्चे को अपने साथ लेकर चला गया। करीब पांच मिनट बाद वह वापस आया और बताया कि बच्चे को अपने दोस्त के पास छोड़ आया है। इसके बाद वह महिला को अपने घर ले गया।
इमरान के अनुसार, 29 जुलाई को उसे जानकारी मिली कि मेरठ के सोहराब गेट क्षेत्र में 13 जुलाई को एक बच्चे का शव नाले से मिला था। इसके बाद वह नौचंदी थाने पहुंचा, जहां फोटो देखकर उसने बच्चे की पहचान अपने बेटे समीर के रूप में की।
इमरान का आरोप है कि आरोपी ने योजना बनाकर उसके बेटे की हत्या की और शव को छिपाने के लिए नाले में फेंक दिया।
सीओ ने दी जानकारी
क्षेत्राधिकारी शशि प्रकाश शर्मा ने बताया कि यह घटना मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र की है। फिलहाल तहरीर के आधार पर जीरो एफआईआर दर्ज कर ली गई है, जिसे जांच के लिए मेरठ की नौचंदी थाना पुलिस को भेजा जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.