सूरत हत्याकांड में बीमा फर्जीवाड़े का शक, 50 लाख के क्लेम के लिए परिवार के छह सदस्यों को नहर में फेंका

HIGHLIGHTS
- महाराष्ट्र के जलगांव जिले के एक परिवार के छह सदस्यों के अपहरण का मामला सामने आया।
- परिवार के चार सदस्यों की हत्या कर उनके शव नहर से बरामद किए गए।
- पुलिस जांच में बीमा फर्जीवाड़े का एंगल सामने आया है।
अहमदाबाद। महाराष्ट्र के जलगांव जिले के एक परिवार के छह सदस्यों के अपहरण और उनमें से चार की हत्या के मामले में बीमा फर्जीवाड़े का एंगल सामने आया है। इस मामले में 50 लाख और 10 लाख रुपये के बीमा क्लेम से जुड़ी जानकारी सामने आई है।
परिवार का 16 वर्षीय एक लड़का अब भी लापता है, जबकि 13 वर्षीय एक अन्य लड़का नहर में धकेले जाने के बाद तैरकर बाहर निकलने में कामयाब रहा। उसने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
बीमा फर्जीवाड़े के मामले में आरोपी था मृतक दंपति
पुलिस की जांच में सामने आया है कि मृतक दंपति कविता और नितेश पाटिल के खिलाफ 19 नवंबर को जलगांव के मेहुनबारे पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था।
एक बीमा कंपनी के सलाहकार की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में कविता और नितेश के अलावा आकाश पाटिल, प्रेमचंद पाटिल और एक जांच अधिकारी को भी आरोपी बनाया गया था।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि कविता और नितेश ने दावा किया था कि कविता के पूर्व पति संजय पाटिल की मौत कार से हुई सड़क दुर्घटना में हुई थी। हालांकि, पुलिस सूत्रों के मुताबिक, संजय की मौत टीबी की बीमारी से हुई थी।
जांच में फंसने के डर से वापस लिया 50 लाख का दावा
एफआईआर के अनुसार, बीमा दावे की जांच के दौरान कई खामियां सामने आई थीं। जब कविता को लगा कि बीमा फर्जीवाड़े का खुलासा हो सकता है, तो उसने जांच के बीच ही अपना 50 लाख रुपये का दावा वापस ले लिया।
हालांकि, आरोपियों ने डेबिट कार्ड के साथ मिलने वाले बीमा कवर के तहत 10 लाख रुपये का दावा किया और रकम हासिल कर ली थी।
सूरत के पुलिस अधीक्षक राजेश गढ़िया ने बताया कि आशंका है कि इस फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों ने अपना राज छिपाने के लिए दंपति और उनके परिवार की हत्या करवा दी। हालांकि, वारदात के पीछे के वास्तविक मकसद की पुष्टि मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हो सकेगी।
बारडोली के पास अपहरण के बाद नहर में मिले शव
पूरा परिवार 21 नवंबर को एक वैन से जलगांव के एरंडोल से निकला था। इसके बाद गुजरात के बारडोली के पास परिवार के सभी छह सदस्यों का अपहरण कर लिया गया।
अगले दिन रविवार को कविता का शव एक नहर से बरामद हुआ। इसके बाद मंगलवार को उसके पति नितेश उर्फ भूरियो और कविता की पहली शादी से हुई 9 वर्षीय बेटी स्वीटी के शव मिले।
गुरुवार को बारडोली ग्रामीण पुलिस थाना क्षेत्र में कविता और नितेश के 2 वर्षीय बेटे प्रथमेश का शव भी बरामद किया गया। वहीं, नहर में धकेले जाने के बाद कविता का 16 वर्षीय बेटा अब तक लापता है। दूसरी ओर, 13 वर्षीय बेटे ने तैरकर अपनी जान बचा ली थी।
छह पुलिस टीमें तलाश में जुटीं
अपहरण और हत्या की इस वारदात में कथित भूमिका के आरोप में पुलिस ने 34 वर्षीय दयानंद उर्फ खंडियो भदाने को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, भदाने को हत्या के पीछे के वास्तविक मकसद की जानकारी नहीं है। उसने अन्य आरोपियों के निर्देश पर काम किया था।
मामले में कम से कम तीन अन्य संदिग्ध अभी फरार हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस की छह टीमें लगाई गई हैं। जलगांव पुलिस भी सूरत पुलिस के साथ मिलकर जांच में सहयोग कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.