पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानी इलाकों में बढ़ी ठंड, 13 राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट

HIGHLIGHTS
- पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ने लगी है।
- जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
- 13 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और गिरते तापमान का असर अब मैदानी इलाकों में भी दिखाई देने लगा है। कई राज्यों में पारा नीचे आया है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में रात का तापमान गिरने से ठंड बढ़ गई है। कश्मीर घाटी और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में कई झीलों और तालों का पानी जम गया है। वहीं, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ समेत 13 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, 27 और 28 नवंबर को मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और बिहार में तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है। वहीं, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश, ओडिशा तथा चंडीगढ़ में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। राजस्थान के कुछ इलाकों में शीत लहर चलने की भी संभावना है।
कई जिलों में 10 डिग्री से नीचे पहुंचा तापमान
मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, उत्तर और मध्य भारत के 40 से ज्यादा शहरों और जिलों में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। राजस्थान के 12 स्थानों, जिनमें सीकर, फतेहपुर, चूरू, नागौर और टोंक शामिल हैं, वहां पारा 10 डिग्री से कम रहा।
इसके अलावा मध्य प्रदेश के 6 शहरों और हरियाणा के 15 स्थानों पर भी न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। हरियाणा के इन इलाकों में महेंद्रगढ़, हिसार, करनाल, सिरसा, पंचकूला और झज्जर शामिल हैं। उत्तर प्रदेश के हरदोई, कानपुर, इटावा, नजीबाबाद और मुजफ्फरनगर में भी पारा 10 डिग्री से नीचे रहा। पंजाब के फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री दर्ज किया गया।
राजस्थान के सीकर में तापमान 4.3 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि मध्य प्रदेश के दमोह में 7.4 डिग्री तापमान के साथ इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। गुरुवार सुबह उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ समेत कई राज्यों में घना कोहरा छाया रहा।
हिमाचल प्रदेश: दिन में गर्मी, रात को बढ़ रही ठंड
हिमाचल प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री कम रहा। इस वजह से दिन में अपेक्षाकृत गर्मी महसूस होने के बावजूद सुबह और रात के समय ठंड का असर बना हुआ है।
ताबो में सबसे कम माइनस 4.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। शिंकुला दर्रे के पास स्थित ताल का पानी पूरी तरह जम गया है और झील पर बर्फ की मोटी परत बिछ गई है। वहीं, सूरज ताल समेत ऊंचाई वाले अन्य जलाशयों का पानी भी जमना शुरू हो गया है।
उत्तराखंड: कोहरा और पाला बढ़ाएंगे ठंड
उत्तराखंड में पहाड़ी और मैदानी दोनों क्षेत्रों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया है। मौसम के अनुसार, 27 और 28 नवंबर को प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों के साथ मैदानी इलाकों में भी पाला पड़ने और कोहरा छाने की संभावना है। इससे ठंड का असर बढ़ सकता है।
दक्षिण भारत में बारिश और तेज हवाओं की संभावना
दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। तमिलनाडु और पुडुचेरी में 27 नवंबर से 2 दिसंबर तक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, आंध्र प्रदेश और केरल में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।
कश्मीर: माइनस 4.4 डिग्री के साथ शोपियां सबसे ठंडा
दक्षिण कश्मीर का शोपियां जिला माइनस 4.4 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ घाटी का सबसे ठंडा स्थान रहा। श्रीनगर में लगातार दूसरे दिन रात का तापमान माइनस 1.9 डिग्री दर्ज किया गया। घाटी के अन्य हिस्सों में भी कड़ाके की ठंड महसूस की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, 3 दिसंबर तक पूरे जम्मू-कश्मीर में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.