मुंबई में धमकी भरे ईमेल भेजने वाला अमेरिकी सॉफ्टवेयर इंजीनियर गिरफ्तार, 1500 फर्जी मेल भेजने का संदेह

HIGHLIGHTS
- मुंबई पुलिस ने अमेरिका में कार्यरत 28 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर की पहचान की है।
- आरोपी का नाम शरत सुब्रमण्यम शंकर बताया गया है, जो तमिलनाडु के तिरुनेलवेली जिले का रहने वाला है।
- मुंबई पुलिस की खुफिया जानकारी पर तमिलनाडु एटीएस ने उसे चेन्नई एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया था।
मुंबई। मुंबई पुलिस ने अमेरिका में काम करने वाले 28 वर्षीय एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की पहचान की है। उस पर हाल के दिनों में मुंबई के कई प्रमुख ठिकानों को निशाना बनाने की धमकी वाले दर्जनों ईमेल भेजने का संदेह है।
मुंबई पुलिस से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर तमिलनाडु एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (एटीएस) ने उसे जुलाई में अमेरिका से लौटते समय चेन्नई एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया था।
धमकी भरे ईमेल में बीएमसी कार्यालय, मेट्रो स्टेशन, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज, कई अदालतों, स्कूलों और अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों पर हमले की चेतावनी दी गई थी।
टीओआई के मुताबिक, आरोपी की पहचान तमिलनाडु के तिरुनेलवेली जिले के रहने वाले शरत सुब्रमण्यम शंकर के रूप में हुई है। वह फिलहाल तमिलनाडु पुलिस की हिरासत में है। उस पर पिछले दो वर्षों में देश की अलग-अलग एजेंसियों को करीब 1500 फर्जी धमकी भरे ईमेल भेजने का संदेह है।
मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी की हिरासत मिलने के बाद उससे विस्तार से पूछताछ की जाएगी। इसका उद्देश्य धमकी भरे ईमेल भेजने के पीछे के वास्तविक मकसद का पता लगाना है।
ऐसे पुलिस की पकड़ में आया आरोपी
धमकी भरे ईमेल की जांच कर रहे मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने शंकर के एक ईमेल से मिले सुराग के आधार पर उससे संपर्क किया और उसे अपने जाल में फंसा लिया।
एक सवाल का जवाब देते समय शंकर ने अनजाने में अपनी निजी ईमेल आईडी का इस्तेमाल कर लिया। उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि वह एक पुलिस अधिकारी से बातचीत कर रहा है।
पुलिस के लिए उसकी पहचान और अन्य जानकारियां जुटाने के लिए यह सुराग काफी साबित हुआ। इसके बाद मिली जानकारी तमिलनाडु पुलिस के साथ साझा की गई और अमेरिका से लौटते ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में झूठी निकलीं सभी धमकियां
मुंबई में जब भी कोई धमकी भरा ईमेल मिलता था, तो निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत संबंधित इमारतों को खाली कराया जाता था और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी जाती थी।
ऐसे मामलों में बम निरोधक दस्ता, स्निफर डॉग स्क्वाड, स्थानीय पुलिस और क्राइम ब्रांच के जवानों को तैनात करना पड़ता था। इसके चलते कई बार सार्वजनिक सेवाएं भी प्रभावित हुईं।
हालांकि, जांच के दौरान ये सभी धमकियां झूठी पाई गईं। शंकर की गिरफ्तारी से पहले 10 जून को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) को भी एक ईमेल भेजा गया था, जिसमें इमारत के अंदर आरडीएक्स होने का दावा किया गया था।
ये ईमेल अलग-अलग खातों से वीपीएन और पहचान छिपाने वाली अन्य तकनीकों का इस्तेमाल करके भेजे गए थे। इस वजह से डिजिटल माध्यमों से आरोपी तक पहुंचना काफी मुश्किल हो गया था और जांच में भी देरी हुई।
फर्जी ईमेल आईडी उपलब्ध कराने वाले दूसरे संदिग्ध की भी जांच
इस मामले में उत्तर प्रदेश एटीएस की ओर से गिरफ्तार किए गए 24 वर्षीय एक अन्य संदिग्ध अंकित शंखवार की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उसे फर्जी ईमेल अकाउंट बनाने और उनकी सप्लाई करने वाले नेटवर्क को संचालित करने के आरोप में पकड़ा गया था।
यूपी एटीएस की शुरुआती जांच के मुताबिक, अंकित द्वारा बनाए गए ईमेल अकाउंट का इस्तेमाल 12 नवंबर को मुंबई के कई प्रमुख संस्थानों को बम से उड़ाने की झूठी धमकी देने के लिए किया गया था।
विदेश से मिले थे 47 लाख रुपये
यूपी एटीएस के मुताबिक, आरोपी ने ये ईमेल आईडी एक बांग्लादेशी नागरिक को बेची थीं। बाद में इनका इस्तेमाल मुंबई के कई ठिकानों पर धमकी भरे ईमेल भेजने के लिए किया गया।
एटीएस का दावा है कि ईमेल खातों की सप्लाई के बदले शंखवार को तुर्की और मिस्र जैसे देशों के स्रोतों से 50,000 डॉलर मिले थे।
मुंबई पुलिस फिलहाल इस मामले में उसकी भूमिका की पुष्टि कर रही है। वहीं, मुंबई क्राइम ब्रांच की क्रिमिनल इंटेलिजेंस यूनिट और स्थानीय पुलिस थाने भी अलग-अलग स्तर पर जांच कर रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के बाद ही उनके काम करने के तरीके, धमकियां भेजने के मकसद और इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी सामने आ सकेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.