परिसीमन विधेयक पर YSRCP का NDA को समर्थन, जगन मोहन रेड्डी ने रखी ये शर्त

HIGHLIGHTS
- केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाने का फैसला किया है।
- लोकसभा के आठवें सत्र का दूसरा भाग 30 नवंबर से शुरू होगा।
- वाईएसआर कांग्रेस पार्टी ने परिसीमन विधेयक का समर्थन करने की बात कही है।
अमरावती। केंद्र सरकार की ओर से संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने के बाद परिसीमन विधेयक को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इस बीच वाईएसआर कांग्रेस पार्टी ने विधेयक को लेकर अपना रुख स्पष्ट किया है।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, पार्टी सूत्रों ने बताया है कि यदि संसद में परिसीमन विधेयक पेश किया जाता है, तो वाईएसआर कांग्रेस इसका समर्थन करेगी। हालांकि, पार्टी ने इसके साथ क्षेत्रीय संतुलन सुनिश्चित करने की शर्त भी रखी है। उल्लेखनीय है कि प्रस्तावित विधेयक का प्रमुख उद्देश्य देश में लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करना है।
30 नवंबर से शुरू होगा लोकसभा का सत्र
लोकसभा सचिवालय ने गुरुवार को जारी आधिकारिक बयान में बताया कि अठारहवीं लोकसभा के आठवें सत्र का दूसरा भाग सोमवार, 30 नवंबर से शुरू होगा।
सचिवालय की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सरकारी कामकाज की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए चार दिनों का यह संक्षिप्त सत्र गुरुवार, 3 दिसंबर 2026 को समाप्त होने की संभावना है।
किरेन रिजिजू ने की थी बैठक बुलाने की घोषणा
इससे पहले गुरुवार को केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने जानकारी दी थी कि केंद्र सरकार ने जरूरी सरकारी कामकाज निपटाने के लिए लोकसभा अध्यक्ष से 30 नवंबर को निचले सदन की बैठक दोबारा बुलाने का अनुरोध किया है। वहीं, राज्यसभा के सभापति से 2 दिसंबर को उच्च सदन की बैठक बुलाने का आग्रह किया गया है।
रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए बताया था कि कामकाज की जरूरतों के अनुसार दोनों सदनों की बैठकें 3 दिसंबर को समाप्त होने की उम्मीद है।
परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक पर बढ़ीं अटकलें
पिछले संसदीय सत्र के बाद कम समय के नोटिस पर संसद के दोनों सदनों की बैठक दोबारा बुलाने के सरकार के फैसले को अभूतपूर्व माना जा रहा है।
किरेन रिजिजू की घोषणा के बाद परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक को लेकर राजनीतिक अटकलें तेज हो गई हैं। इसकी वजह यह है कि सरकार की ओर से जारी आधिकारिक घोषणा में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि इस दौरान कौन-कौन से विधेयक संसद में पेश किए जाएंगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.