दीघा जगन्नाथ मंदिर के नाम से हटा 'धाम' शब्द, CM मोहन माझी ने शुभेंदु अधिकारी का जताया आभार

HIGHLIGHTS
- दीघा स्थित जगन्नाथ मंदिर के नाम से 'धाम' शब्द हटा दिया गया है।
- मंदिर का नया आधिकारिक नाम 'श्री श्री जगन्नाथ मंदिर' रखा गया है।
- पूरे मंदिर परिसर को अब 'श्री श्री जगन्नाथ सांस्कृतिक केंद्र' कहा जाएगा।
भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को दीघा स्थित जगन्नाथ मंदिर के नाम से ‘धाम’ शब्द हटाने के फैसले पर धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान होगा और पुरी के 12वीं शताब्दी के ऐतिहासिक श्रीमंदिर की विशिष्ट आध्यात्मिक पहचान भी सुरक्षित रहेगी।
शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री माझी को पत्र लिखकर बताया है कि दीघा स्थित मंदिर का आधिकारिक नाम बदलकर अब ‘श्री श्री जगन्नाथ मंदिर’ कर दिया गया है। वहीं, पूरे मंदिर परिसर को अब ‘श्री श्री जगन्नाथ सांस्कृतिक केंद्र’ के नाम से जाना जाएगा। इससे पहले मुख्यमंत्री माझी ने दीघा मंदिर के नाम से ‘धाम’ शब्द हटाने का अनुरोध किया था।
पश्चिम बंगाल की पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार ने दीघा स्थित मंदिर परिसर का नाम ‘जगन्नाथ धाम’ रखा था। इस नाम को लेकर पुरी श्रीमंदिर प्रशासन ने आपत्ति जताई थी, जिसके बाद यह मामला विवाद का विषय बन गया।
23 नवंबर को लिखे पत्र में शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि भगवान जगन्नाथ और पुरी के प्रतिष्ठित जगन्नाथ धाम के धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व को लेकर मुख्यमंत्री माझी की भावनाओं का उन्होंने सम्मान किया है। इस विषय पर विचार करने के बाद दीघा मंदिर परिसर का नाम बदलने का निर्णय लिया गया।
अधिकारी ने पत्र में बताया कि पूरे परिसर को अब ‘श्री श्री जगन्नाथ सांस्कृतिक केंद्र’ और इसके भीतर स्थित मंदिर को ‘श्री श्री जगन्नाथ मंदिर’ कहा जाएगा। उनके अनुसार, नए नाम मंदिर की धार्मिक पवित्रता के साथ-साथ पूरे परिसर के व्यापक सांस्कृतिक स्वरूप को भी दर्शाते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि श्रद्धालु इस फैसले का स्वागत करेंगे और इससे ओडिशा तथा पश्चिम बंगाल के बीच सांस्कृतिक संबंध और मजबूत होंगे।
माझी ने कहा- श्रद्धालुओं की भावनाओं का हुआ सम्मान
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शुभेंदु अधिकारी का पत्र सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने कहा कि दीघा मंदिर परिसर के लिए पवित्र नाम ‘जगन्नाथ धाम’ इस्तेमाल करने के पहले के फैसले से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई थीं। इससे पुरी के श्रीक्षेत्र की विशिष्ट धार्मिक और आध्यात्मिक महत्ता की अनदेखी हुई थी।
माझी ने कहा कि उन्हें खुशी है कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपनी पूर्व घोषणा के बाद अब दीघा मंदिर परिसर के नाम से ‘धाम’ शब्द हटाने के फैसले को आधिकारिक मंजूरी भी दे दी है।
उन्होंने ओडिशा की जनता की ओर से शुभेंदु अधिकारी और पश्चिम बंगाल सरकार का उनकी संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया। माझी ने कहा कि दोनों राज्यों की भाजपा सरकारों के साझा प्रयासों और सहयोग से यह निर्णय संभव हुआ है। यह सनातन परंपराओं और श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं के प्रति सम्मान को भी दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कदम से ओडिशा और पश्चिम बंगाल के सांस्कृतिक संबंध मजबूत होंगे और श्रीक्षेत्र की विशिष्ट आध्यात्मिक पहचान सुरक्षित रहेगी। उन्होंने दोहराया कि उनकी सरकार ओड़िया अस्मिता और महाप्रभु श्री जगन्नाथ की महिमा की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
श्रीमंदिर प्रशासन ने कराया है ट्रेडमार्क पंजीकरण
इस बीच, पुरी के श्रीजगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) ने 12वीं शताब्दी के श्रीमंदिर से जुड़े पवित्र शब्दों, उपाधियों और प्रतीकों पर ट्रेडमार्क अधिकार हासिल किए हैं। इनमें ‘श्री जगन्नाथ धाम’ भी शामिल है। इसका उद्देश्य इन पवित्र नामों और प्रतीकों के अनधिकृत व्यावसायिक और संस्थागत इस्तेमाल को रोकना है।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के समुद्र तटीय शहर दीघा में स्थित यह मंदिर ओडिशा की सीमा के नजदीक है। तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अप्रैल 2025 में इसका उद्घाटन किया था। करीब 20 एकड़ में फैले इस मंदिर परिसर के निर्माण पर लगभग 250 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.