संविधान का सम्मान करना हमारा दायित्व, हाथ में लेकर घूमने वालों को इसे पढ़ना चाहिए: अमित शाह

HIGHLIGHTS
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम को संबोधित किया।
- अमित शाह ने कहा कि संविधान का सम्मान करना हर भारतीय का दायित्व है।
- उन्होंने 1857 से 1947 तक चले स्वतंत्रता संग्राम और बलिदानियों के योगदान को याद किया।
नई दिल्ली। संविधान गौरव दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि संविधान का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। 26 नवंबर 1949 को देश की एक नई यात्रा की शुरुआत हुई थी। 1857 से 1947 तक चले 90 वर्षों के लंबे स्वतंत्रता संग्राम में अनगिनत लोगों ने बलिदान दिया। कई स्वतंत्रता सेनानियों ने हंसते-हंसते मां भारती को आजाद कराने के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान कर दिया।
अमित शाह ने कहा कि अनेक लोगों ने अपना घर-बार, व्यापार, करियर और पढ़ाई-लिखाई तक छोड़ दी। उन्होंने इस महान राष्ट्र को स्वतंत्र कराने के लिए लगातार प्रयास किए।
संविधान से ही सत्ता मिलेगी और संविधान से ही सत्ता जाएगी: अमित शाह
गृह मंत्री ने कहा कि देश का संविधान नागरिकों को अपनी सरकार चुनने का अधिकार देता है। आज जो लोग हाथ में संविधान लेकर घूमते हैं, उन्हें इसे पढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि संविधान से ही सत्ता मिलेगी और संविधान से ही सत्ता जाएगी।
अमित शाह ने कहा कि देश में कई बार सत्ता परिवर्तन हुए हैं, लेकिन कभी हिंसा नहीं हुई। यह सब संविधान की वजह से संभव हुआ है।
उन्होंने कहा कि संविधान का सम्मान करना हर भारतीय के लिए बेहद महत्वपूर्ण और गर्व की जिम्मेदारी है। हालांकि, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आजादी के बाद संविधान को केवल सरकार चलाने की एक मार्गदर्शिका के तौर पर देखने की कोशिश की गई। देश के किशोरों, युवाओं और नागरिकों के बीच संविधान की भावना को जागृत करने और मजबूत बनाने की प्रक्रिया को भुला दिया गया।
हमारी सरकार ने संविधान गौरव दिवस मनाना शुरू किया: शाह
अमित शाह ने कहा कि वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद 2015 में यह फैसला किया गया कि हर साल 26 नवंबर को 'संविधान गौरव दिवस' के रूप में मनाया जाएगा। इसका उद्देश्य संविधान के सर्वोच्च मूल्यों को हर स्कूल, कॉलेज और देश के सभी नागरिकों तक पहुंचाना था।
संविधान हाथ में लेकर घूमने वालों को इसे पढ़ना चाहिए: गृह मंत्री
गृह मंत्री ने कहा कि जो लोग हमारी सभ्यता का विरोध कर रहे हैं, उनसे वह कहना चाहते हैं कि यदि उनके पास अपने जीवन में संविधान के लिए 10 से 15 मिनट का समय है, तो उन्हें एक बार संविधान की मूल प्रति जरूर देखनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि संविधान की मूल प्रति के अलग-अलग अध्यायों की शुरुआत ऐसे चित्रों से होती है, जिनमें भगवान श्रीराम का अयोध्या आगमन, भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, दशम पिता गुरु गोबिंद सिंह जी, रानी लक्ष्मीबाई, दांडी मार्च और नेताजी सुभाष चंद्र बोस को दर्शाया गया है।
अमित शाह ने कहा कि जो लोग अपने हाथों में संविधान लेकर घूमते हैं, उनसे उनकी विनम्र प्रार्थना है कि वे संसद की लाइब्रेरी में जाएं और संविधान के लिए 15 मिनट निकालें। साथ ही, नंदलाल बोस द्वारा बनाए गए चित्रों को देखकर संविधान की मूल भावना को समझने का प्रयास करें।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.