'कमल मुरझाया तो भाजपा लगा रही राधे-राधे का नारा', अखिलेश यादव ने साधा निशाना

HIGHLIGHTS
- अखिलेश यादव ने संभल में भाजपा पर निशाना साधा।
- उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की स्थिति कमजोर हो रही है।
- अखिलेश ने परिसीमन को भाजपा की सबसे बड़ी राजनीतिक भूल बताया।
संभल। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश को अपने हाथ से जाने नहीं देना चाहती, लेकिन प्रदेश में उसकी स्थिति लगातार कमजोर हो रही है। उन्होंने कहा कि अब तक भाजपा का कोई भी नैरेटिव काम नहीं आया है। जब कमल मुरझा गया है तो भाजपा अब 'राधे-राधे, कमल खिला दे' का नारा लगा रही है।
अखिलेश यादव ने परिसीमन को लेकर भी भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि परिसीमन करना भाजपा की सबसे बड़ी राजनीतिक भूल साबित होगी।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी उठाए सवाल
सपा प्रमुख ने कहा कि समाजवादी पार्टी महिला आरक्षण के समर्थन में है, लेकिन महिला आरक्षण विधेयक की आड़ में लोकसभा सीटों की संख्या 33 फीसदी के बजाय 50 फीसदी बढ़ाने की तैयारी की जा रही है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जिन लोकसभा क्षेत्रों की सीमाएं पहले ही तय की जा चुकी हैं, उनके परिसीमन पर भरोसा कैसे किया जा सकता है। अखिलेश यादव ने कहा कि जो भाजपा देश की सीमाओं की सुरक्षा नहीं कर पा रही है, वह लोकसभा क्षेत्रों की सीमाएं कैसे निर्धारित करेगी।
युवाओं, किसानों और व्यापारियों की नाराजगी का किया जिक्र
अखिलेश यादव ने कहा कि युवा, किसान और व्यापारी नाराज हैं। अमेरिका लगातार भारत पर टैरिफ लगा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के रोजगार और नौकरियों को लेकर हो रहे आंदोलनों से लोगों का ध्यान हटाने के लिए परिसीमन का मुद्दा उठाया जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.