'यादव समाज एकजुट हो जाए तो योगी कुछ नहीं कर पाएंगे', हैदराबाद में तेजस्वी का बयान

HIGHLIGHTS
- राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव बुधवार को हैदराबाद के श्रीकृष्ण सदर सम्मेलन में शामिल हुए।
- तेजस्वी ने भाजपा और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधा।
- बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर आरोप लगाया कि राज्य में जाति देखकर एनकाउंटर किए जा रहे हैं।
हैदराबाद में बुधवार को आयोजित यादव समाज के पारंपरिक उत्सव 'श्रीकृष्ण सदर सम्मेलन' में राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भाजपा के साथ-साथ बिहार और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों पर भी निशाना साधा।
तेजस्वी यादव ने बिहार की स्थिति को लेकर अराजकता का आरोप लगाया और यादव समाज से एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने देश के मौजूदा राजनीतिक हालात का जिक्र करते हुए वंचितों, पिछड़ों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई जारी रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि उनका संघर्ष केवल चुनाव में जीत या हार तक सीमित नहीं है, बल्कि अधिकारों और लोकतंत्र की रक्षा के लिए है।
मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव ने एक बार फिर बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है और जाति के आधार पर एनकाउंटर किए जा रहे हैं। उनका कहना था कि नई सरकार के गठन के बाद से जनता के हित में कोई काम नहीं हुआ है।
मधुबनी जिले के बाबूबरही में हुई फायरिंग की घटना का हवाला देते हुए तेजस्वी ने सम्राट चौधरी की सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में अपराधियों के हौसले बढ़े हैं और अब पुलिस भी आम लोगों पर गोलियां चला रही है। उन्होंने बिहार में पूरी तरह अराजकता का माहौल होने की बात कही।
सम्मेलन के मंच से तेजस्वी यादव ने देशभर में रहने वाले यादव समाज के लोगों को संगठित होकर आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यदि यादव समाज एकजुट होकर कोई संकल्प ले ले, तो उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कुछ नहीं कर पाएंगे।
कांग्रेस यादव समाज को राजनीतिक रूप से मजबूत बना रही है: तेजस्वी
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की तारीफ करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि इस उत्सव को 'राजकीय दर्जा' देकर यादव समाज को सम्मान और गौरव का अनुभव कराया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार यादव समाज को मजबूत करने के साथ उसे राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में काम कर रही है।
गौरतलब है कि हैदराबाद में आयोजित 'सदर उत्सव' यादव समुदाय का एक प्रमुख पारंपरिक और प्रसिद्ध त्योहार है। इस कार्यक्रम में तेजस्वी यादव समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव के साथ पहुंचे थे।
तेजस्वी को कांग्रेस के यादव सांसदों और स्थानीय नेताओं की ओर से कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया था। इस दौरान उन्होंने तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) सहित अन्य नेताओं से भी शिष्टाचार मुलाकात की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.