एलन मस्क पर ओवैसी के बयान की किरेन रिजिजू ने की तारीफ, राहुल गांधी पर भी निशाना

HIGHLIGHTS
- एलन मस्क ने भारत में स्टारलिंक को लाइसेंस मिलने में हो रही देरी पर सवाल उठाए थे।
- मस्क ने अपने पोस्ट में पूछा था कि क्या अंबानी भारत के असली बॉस हैं।
- भाजपा ने मस्क के आरोपों के बाद राहुल गांधी की पोस्ट को लेकर भी निशाना साधा।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की टिप्पणी के बाद भारतीय जनता पार्टी की प्रतिक्रिया सामने आई है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री और भाजपा नेता किरेन रिजिजू ने ओवैसी की तारीफ करते हुए कहा कि वह कभी-कभी भारत के राष्ट्रीय हित से जुड़े मुद्दों पर समझदारी भरी बातें करते हैं। हालांकि, उन्होंने ओवैसी की मुस्लिम-केंद्रित नीतियों का विरोध भी किया।
किरेन रिजिजू ने कहा कि अगर विपक्ष के कुछ नेता भाजपा की बात नहीं सुनना चाहते, तो उन्हें ओवैसी से सीखना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अब यह स्पष्ट हो गया है कि 'भारत-विरोधी गिरोह' कौन हैं।
ओवैसी ने एलन मस्क के बयान पर क्या कहा?
एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने एलन मस्क के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, 'कोई गोरा हमें हुक्म नहीं दे सकता। नरेंद्र मोदी से मेरी 100 मतभेद हो सकती हैं, लेकिन मैं अपने देश और संवैधानिक पद का अपमान बर्दाश्त नहीं करूंगा। हमें दुनिया में सबसे सस्ता डेटा मिल रहा है।'
लोकसभा सांसद ओवैसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों का विरोध करते रहे हैं। हालांकि, एलन मस्क की ओर से भारत के राजनीतिक और व्यावसायिक फैसलों को लेकर सवाल उठाए जाने पर उन्होंने सरकार का विरोध करने और किसी विदेशी कारोबारी को देश में शर्तें तय करने देने के बीच अंतर बताया।
ओवैसी का यह रुख राहुल गांधी के रुख से अलग बताया गया। मस्क के आरोपों के बाद राहुल गांधी की पोस्ट को लेकर भाजपा उन पर हमलावर है।
एलन मस्क ने भारत में स्टारलिंक को लेकर क्या सवाल उठाए?
यह विवाद उस समय शुरू हुआ, जब स्पेसएक्स के मालिक और टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने भारत में स्टारलिंक की एंट्री को लेकर सवाल उठाए। मस्क ने एक पोस्ट में कहा था कि स्टारलिंक को 165 से अधिक देशों में लाइसेंस मिल चुका है और कंपनी ने भारत सरकार की सभी कानूनी तथा नियामकीय आवश्यकताओं को पूरा करने में पांच साल बिताए हैं। इसके बावजूद लाइसेंस क्यों नहीं दिया जा रहा है?
अपने पोस्ट में मस्क ने तंज कसते हुए सवाल किया था कि क्या अंबानी भारत के असली बॉस हैं? हालांकि, इस पोस्ट में उन्होंने किसी व्यक्ति या कंपनी के खिलाफ अपने सवाल को साबित करने वाला कोई सार्वजनिक सबूत पेश नहीं किया था।
मस्क की यह टिप्पणी ऐसे समय आई, जब इससे पहले केंद्र सरकार भारत में स्टारलिंक को लेकर उनके आरोपों को खारिज कर चुकी थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.