500 के नोटों की दीवार बनाकर किया लक्ष्मी पूजन, अब नागौर के शराब कारोबारी पर आयकर विभाग की नजर

HIGHLIGHTS
- राजस्थान के नागौर के शराब कारोबारी सुभाष ठेकेदार का लक्ष्मी पूजन वीडियो चर्चा में है।
- वीडियो में 500 रुपये के नोटों के बंडलों से बनी ऊंची दीवार दिखाई दे रही है।
- सुभाष ठेकेदार अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ कैश वॉल के सामने पूजा करते नजर आ रहे हैं।
देशभर में दिवाली का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। इसी बीच राजस्थान का एक लक्ष्मी पूजन वीडियो चर्चा का विषय बन गया है। यह वीडियो नागौर के शराब कारोबारी सुभाष ठेकेदार के घर का बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि उन्होंने दिवाली पर मां लक्ष्मी की पूजा के लिए 500 रुपये के नोटों से एक ऊंची दीवार तैयार करवाई।
करोड़ों रुपये की नकदी के बीच परिवार के साथ की गई पूजा का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की प्रतिमाएं नजर आ रही हैं। इनके पास 500 रुपये के नए नोटों के बंडल सजाकर एक बड़ी दीवार बनाई गई है। सुभाष ठेकेदार अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ इस 'कैश वॉल' के सामने विधि-विधान से पूजा करते दिखाई दे रहे हैं।
पूजा पूरी होने के बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया, जिसके बाद अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर इसकी चर्चा होने लगी। सुभाष ठेकेदार नागौर में बड़े शराब कारोबारी के तौर पर पहचाने जाते हैं। राजनीतिक गलियारों में उन्हें राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के प्रमुख और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल का करीबी माना जाता है। उनके राजनीतिक और कारोबारी प्रभाव के चलते भी यह मामला सुर्खियों में बना हुआ है।
सोशल मीडिया पर मिल रही मिली-जुली प्रतिक्रियाएं
दिवाली के मौके पर करोड़ों रुपये की नकदी के इस तरह खुले प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे धन का भद्दा प्रदर्शन बता रहे हैं, जबकि कई यूजर्स इसे पब्लिसिटी स्टंट करार दे रहे हैं। वीडियो पर लोगों की ओर से तरह-तरह की टिप्पणियां की जा रही हैं।
आयकर विभाग की नजर
करोड़ों रुपये की नकदी के खुले प्रदर्शन का वीडियो सामने आने के बाद आयकर विभाग और स्थानीय पुलिस-प्रशासन की नजर भी इस मामले पर है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कारोबारी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। आयकर विभाग इस मामले की जांच कर सकता है। ऐसे में नकदी का यह प्रदर्शन कानूनी जांच के दायरे में आ सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.