यूपी: 'प्रदूषण बढ़ा तो खत्म भी हो जाएगा, लेकिन दिवाली धूमधाम से मनी', सीएम योगी बोले- हमने भी पटाखे जलाए

HIGHLIGHTS
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
- चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति राजस्व विभाग के लिए की गई है।
- मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 4,300 लाभार्थी परिवारों को 215 करोड़ रुपये की सहायता दी गई।
- कार्यक्रम का आयोजन लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में हुआ।
लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं और किसानों को कई सौगातें दीं। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से राजस्व विभाग के लिए चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 4,300 लाभार्थी परिवारों को कुल 215 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता भी वितरित की। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और राजस्व राज्य मंत्री सुरेंद्र दिलेर विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।
मुन्ना भाई MBBS फिल्म का जिक्र कर सीएम योगी ने कसा तंज
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले नियुक्ति बोर्ड के अधिकारियों को बंधक बनाकर रखा जाता था। उन्होंने मुन्ना भाई MBBS फिल्म का उदाहरण देते हुए पिछली सरकार पर निशाना साधा। सीएम ने कहा कि उस समय परीक्षा कोई देता था और नियुक्ति पत्र किसी दूसरे व्यक्ति को मिल जाता था। उन्होंने यह भी कहा कि विभागों में जितने अधिकारियों और कर्मचारियों की आवश्यकता थी, उतने उपलब्ध नहीं थे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 2017 में सत्ता संभालने के बाद पहली बैठक के दौरान पता चला कि पुलिस विभाग में डेढ़ लाख पद खाली थे। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने पीएसी की 34 कंपनियों को खत्म कर दिया था।
अयोध्या में दीपावली के आयोजन का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि पूरे प्रदेश में त्योहार धूमधाम से मनाया गया। कुछ लोगों ने प्रदूषण का मुद्दा उठाया था, लेकिन सरकार ने किसी तरह की पाबंदी नहीं लगाई। उन्होंने कहा कि प्रदूषण होगा तो उसका समाधान भी हो जाएगा। लोगों ने जमकर पटाखे जलाए और उन्होंने खुद भी अयोध्या में पटाखे जलाए।
'गिनती नहीं आती तो शिवपाल यादव को साथ ले लो'
सीएम योगी ने नियुक्तियों की रफ्तार का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह घड़ी की सेकंड वाली सुई तेजी से चलती है, उसी तरह सरकार ने नियुक्ति पत्र वितरित किए हैं। उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग में एक लाख से अधिक नियुक्तियां की गई हैं, जबकि लेखपाल भर्ती की प्रक्रिया अभी जारी है।
इस दौरान उन्होंने शिवपाल यादव पर भी तंज कसा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पहले ही कहा था कि सरकार नियुक्तियां देगी और लोग उनकी गिनती करें। अगर किसी को गिनती नहीं आती है तो वह शिवपाल यादव को अपने साथ ले सकता है, क्योंकि उन्हें गिनती करने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने कहा कि शिवपाल यादव हमेशा गिनती ही करते रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने कार्यकाल में हुई भर्तियों का जिक्र करते हुए कहा कि हर पांचवें दिन नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह सिलसिला 26 जनवरी तक लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने युवाओं से कहा कि उनका युवा होना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में हुआ है। सीएम ने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के सामने पहचान का संकट खड़ा किया था। उन्होंने कहा कि युवाओं और उनकी पिछली पीढ़ी को इन दलों को माफ नहीं करना चाहिए। पहले प्रदेश में दंगे होते थे, कर्फ्यू लगा रहता था और बेटियां सुरक्षित नहीं थीं।
सपा से विरासत में मिले थे 34 लाख मुकदमे: सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब प्रदेश में युवाओं को सरकारी नौकरियां मिल रही हैं और कारोबार भी आगे बढ़ रहा है। इसकी वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि अब राज्य में कर्फ्यू नहीं लगता। देश की अर्थव्यवस्था की चर्चा होती है तो उत्तर प्रदेश का नाम भी शामिल होता है। उन्होंने कहा कि यूपी अब बीमारू राज्य नहीं, बल्कि देश का ग्रोथ इंजन बन चुका है।
सीएम ने बताया कि सरकार ने 37 फीसदी घरौनियां तैयार की हैं। उनके मुताबिक, सपा सरकार से विरासत में 34 लाख मुकदमे मिले थे। इनमें कुछ मामले मौजूदा सरकार के कार्यकाल के भी हैं। सरकार ने इन मुकदमों के निस्तारण के लिए समय सीमा निर्धारित की। अब तक 37 लाख 81 हजार 363 मुकदमों का निपटारा किया जा चुका है। हर महीने करीब 3.78 लाख मुकदमों का समाधान किया जा रहा है।
किसानों के हितों पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले खेतिहर किसानों की श्रेणी में बटाईदारों को शामिल नहीं किया जाता था। केवल जमीन के मालिक के नाम पर ही योजनाओं का लाभ मिलता था। उनकी सरकार ने फैसला किया कि किसान और बटाईदार, दोनों को सहायता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि सांप के काटने, जानवर के हमले या अन्य दुर्घटनाओं में भी आर्थिक मदद देने की व्यवस्था शुरू की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नदाता किसान मेहनत करता है तो सरकार उसके साथ खड़ी है। इसी तरह युवाओं को आगे बढ़ने के लिए भी सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है। अब सरकारी नौकरी पाने के लिए किसी सिफारिश की जरूरत नहीं पड़ती।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.