UP चुनाव से पहले सपा को झटका, पूर्व सांसद अरविंद चौधरी समेत दो नेताओं ने थामा BJP का दामन

HIGHLIGHTS
- यूपी चुनाव से पहले भाजपा ने समाजवादी पार्टी को झटका दिया।
- बस्ती के पूर्व सांसद अरविंद चौधरी भाजपा में शामिल हुए।
- बांदा के सपा नेता अनिल यादव ने भी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने समाजवादी पार्टी को झटका दिया है। बस्ती के पूर्व सांसद अरविंद चौधरी और बांदा के सपा नेता अनिल यादव ने बुधवार को भाजपा की सदस्यता ले ली। दोनों नेताओं ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ पार्टी का दामन थामा।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, जॉइनिंग कमेटी के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह तथा परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह मौजूद रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने दोनों नेताओं और उनके समर्थकों को पार्टी की सदस्यता दिलाई और उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भाजपा विचारधारा पर आधारित संगठन है, जहां कार्यकर्ताओं को सबसे अधिक महत्व दिया जाता है। पार्टी में उनके परिश्रम, समर्पण और योगदान का सम्मान किया जाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अरविंद चौधरी और अनिल यादव के पार्टी में शामिल होने से संगठन को मजबूती मिलेगी और नई ऊर्जा प्राप्त होगी।
विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर भाजपा ने रखी अपनी बात
पंकज चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते करीब 12 वर्षों के दौरान देश में हुए विकास कार्यों, सुशासन और जनकल्याण से जुड़ी उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के सिद्धांत को केवल नारे तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे जमीन पर लागू किया है।
उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण, बुनियादी ढांचे के विकास और वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने के क्षेत्र में बिना किसी भेदभाव के काम हुआ है। भाजपा का लक्ष्य वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करना है और पार्टी इसके लिए लगातार प्रयास कर रही है।
देश में अराजकता फैलाने की कोशिशों पर जताई चिंता
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने देश में अराजकता का माहौल बनाने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित कर भारत को अस्थिर करने के प्रयासों पर भी चिंता जताई। उन्होंने सवाल किया कि क्या देश को बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका जैसी परिस्थितियों की ओर ले जाने की कोशिश हो रही है या फिर तख्तापलट जैसी स्थिति पैदा करने की मंशा है।
उन्होंने देश के लोगों से ऐसे प्रयासों को लेकर सतर्क रहने की अपील की। चौधरी ने कहा कि भारत का लोकतंत्र मजबूत है और देश के युवाओं तथा जागरूक नागरिकों ने अराजकता फैलाने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि आने वाले चुनाव केवल किसी व्यक्ति की जीत या सरकार के गठन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके साथ देश की स्थिरता, विकास और लोकतांत्रिक मूल्यों की सुरक्षा भी जुड़ी हुई है। देश को अस्थिर करने की कोशिश करने वाली ताकतों के इरादों को नाकाम करना सभी की जिम्मेदारी है।
राष्ट्रहित और जनसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही भाजपा
पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित और जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य को लेकर पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में भयमुक्त माहौल और विकास की दिशा में हो रही निरंतर प्रगति का भी उल्लेख किया।
इस सदस्यता कार्यक्रम में प्रदेश मुख्यालय प्रभारी गोविन्द नारायण शुक्ल, प्रदेश मीडिया संयोजक मनीष दीक्षित और प्रदेश प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी समेत पार्टी के कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके अलावा भाजपा में शामिल हुए दोनों नेताओं के सैकड़ों समर्थकों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.