मुजफ्फरनगर में तेंदुए का हमला, घर के बाहर टहल रहे बुजुर्ग को किया घायल

HIGHLIGHTS
- दयाराम के सिर और चेहरे पर गहरी चोटें आई हैं।
- घायल ग्रामीण को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
- सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया।
मुजफ्फरनगर के छपार थाना क्षेत्र के खिंदड़िया गांव में शुक्रवार देर रात तेंदुए ने घर के सामने एक ग्रामीण पर हमला कर दिया। रात करीब 10 बजे हुई इस घटना में दयाराम गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
घायल दयाराम को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। जानकारी के अनुसार, वह घर के बाहर टहल रहे थे, तभी तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया। इस हमले में उनके सिर और चेहरे पर गहरी चोटें आईं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों ने फोन कर घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। घटना की जानकारी मिलने पर छपार थाना क्षेत्र की बसेड़ा पुलिस चौकी के प्रभारी और सीओ सदर सुनील कुमार भी मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर घटना के बारे में जानकारी ली। तेंदुए के आबादी वाले इलाके में पहुंचकर घर के सामने हमला करने की घटना से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
खेतों में काम करने और घरों से बाहर निकलने वाले लोगों में वन्यजीव के हमले का डर बना हुआ है। ग्रामीणों ने मांग की है कि वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर तेंदुए की मौजूदगी का पता लगाए और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.