2027 यूपी चुनाव की तैयारी में जुटी लोजपा (रामविलास), 403 सीटों पर लड़ने का ऐलान

HIGHLIGHTS
- लोजपा (रामविलास) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी शुरू की, चिराग पासवान ने सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी का ऐलान किया।
- चिराग पासवान ने कहा कि गठबंधन को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है, इसका निर्णय आने वाले महीनों में लिया जाएगा।
- पार्टी ने उत्तर प्रदेश के साथ पंजाब और उत्तराखंड में भी संगठन विस्तार और आगामी चुनावों में भागीदारी की योजना बनाई है।
उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो एंड सेंटर मार्ट में आयोजित ‘मिराकी’ कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया।
403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी
चिराग पासवान ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में प्रदेश इकाई जल्द ही केंद्रीय संसदीय बोर्ड को प्रस्ताव भेजेगी।
गठबंधन को लेकर अभी फैसला नहीं
गठबंधन के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पार्टी गठबंधन के साथ चुनाव लड़ेगी या नहीं और गठबंधन का स्वरूप क्या होगा, इसका निर्णय आने वाले समय में लिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी तक गठबंधन को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। चिराग पासवान ने विश्वास जताया कि जिस तरह बिहार में पार्टी ने बेहतर प्रदर्शन किया है, उसी तरह उत्तर प्रदेश में भी अच्छा परिणाम हासिल करेगी।
देशभर में संगठन विस्तार की तैयारी
चिराग पासवान ने कहा कि लोजपा (रामविलास) का लक्ष्य केवल उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं है, बल्कि पार्टी देश के अन्य राज्यों में भी अपना विस्तार कर रही है। उन्होंने बताया कि पार्टी पंजाब और उत्तराखंड में होने वाले आगामी चुनावों में भी हिस्सा लेगी। इसके लिए उत्तर प्रदेश में हाल ही में दो बड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, वहीं उत्तराखंड में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी हो चुकी है। पंजाब में भी संगठन से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।
कई राज्यों में पार्टी की मौजूदगी
चिराग पासवान ने पार्टी की राष्ट्रीय स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि लोजपा (रामविलास) के विधायक झारखंड और नागालैंड में हैं। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश और दमन-दीव में भी पार्टी का मजबूत कार्यकर्ता नेटवर्क मौजूद है। उन्होंने कहा कि पार्टी अब इसी आधार पर देशभर में अपने संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.