दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, कार सवार दो भाइयों की मौत

HIGHLIGHTS
- हादसे के बाद पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया।
- मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।
- दुर्घटना की वजह जानने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र में महरौली के सामने तेज रफ्तार कार ने आगे चल रहे कैंटर में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार दो भाइयों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीछे से कैंटर में जा भिड़ी कार
हादसा 10 सितंबर की रात करीब 2 बजे हुआ। मेरठ से दिल्ली की तरफ जा रही तेज रफ्तार टाटा जेस्ट कार एक्सप्रेसवे की बीच वाली लेन में चल रहे कैंटर से जा टकराई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के जरिए संजयनगर स्थित जिला अस्पताल भेजा गया।
दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने कार की आगे वाली सीट पर बैठे दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पीछे की सीट पर बैठा युवक गंभीर रूप से घायल था।
मृतक चालक सचिन कुमार (34) पुत्र धर्मवीर सिंह सिकंदरपुर ककोड़ी, बाबूगढ़ (हापुड़) के मूल निवासी थे।
दूसरे मृतक अनुज (32) पुत्र बचन सिंह ग्राम भरना, सिम्भावली (हापुड़) के मूल निवासी थे। फिलहाल दोनों राणा जी एन्क्लेव, नजफगढ़ (दिल्ली) में रह रहे थे। सचिन और अनुज मामा-फूफी के भाई थे।
घायल योगेन्द्र (30) पुत्र पुणे सिंह गुलिसुलतानपुर, सूरजपुर (गौतम बुद्ध नगर) के निवासी हैं।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद योगेन्द्र के भाई सुशील अस्पताल पहुंचे। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए योगेन्द्र को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया था। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है।
एसीपी के मुताबिक, अभी तक मामले में कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। पुलिस ने हादसे में क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। दुर्घटना की सही वजह पता करने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.