कार्गो कंपार्टमेंट में धुएं का अलार्म बजने से हड़कंप, लखनऊ में एयर इंडिया एक्सप्रेस की इमरजेंसी लैंडिंग

HIGHLIGHTS
- फ्लाइट वाराणसी से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी।
- उड़ान के दौरान कार्गो कंपार्टमेंट में स्मोक इंडिकेशन मिला।
- पायलट ने तुरंत लखनऊ ATC से संपर्क किया।
लखनऊ। वाराणसी से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (IX 1253) की गुरुवार सुबह लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। उड़ान के दौरान विमान के कार्गो कंपार्टमेंट में अचानक स्मोक इंडिकेशन यानी धुएं का अलार्म बज गया।
खतरे की चेतावनी मिलते ही पायलट ने तुरंत लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया। इसके बाद सुबह करीब 8:52 बजे विमान की लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम ने संभाला मोर्चा
विमान के लैंड करते ही एयरपोर्ट की इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम, अग्निशमन दल और तकनीकी विशेषज्ञ मौके पर पहुंच गए। विमान को तुरंत स्टैंड पर पार्क किया गया और सुबह करीब 9:02 बजे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
विमान में कुल 155 यात्री और क्रू मेंबर्स सवार थे।
जांच में स्थिति पाई गई सामान्य
इंजीनियरों और सुरक्षा टीमों ने विमान का गहन निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में विमान के अंदर धुआं या आग का कोई निशान नहीं मिला।
अलार्म बजने की वजह तकनीकी फॉल्स इंडिकेटर मानी जा रही है। जांच-पड़ताल के बाद जब स्थिति पूरी तरह सामान्य पाई गई, तो विमान को आगे की यात्रा के लिए क्लीयरेंस दे दिया गया और उसे रवाना कर दिया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.