मैनपुरी: वृद्धाश्रम में गंदगी के बीच रह रहे 75 बुजुर्ग, एक्सपायर डायपर भी मिले

HIGHLIGHTS
- मैनपुरी के वृद्धाश्रम का जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कमेटी ने आकस्मिक निरीक्षण किया।
- निरीक्षण के दौरान आश्रम में गंदगी और दुर्गंध मिली।
- वृद्धों को दिए जाने वाले डायपर की एक्सपायरी डेट तीन साल पहले बीत चुकी थी।
मैनपुरी में बुजुर्गों की देखभाल के लिए संचालित वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं में कई खामियां सामने आई हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कमेटी ने अचानक निरीक्षण किया तो परिसर में गंदगी और दुर्गंध के साथ एक्सपायर हो चुके डायपर भी मिले। इसके अलावा रिकॉर्ड में भी अनियमितताएं पाई गईं। निरीक्षण के समय वृद्धाश्रम की अधीक्षिका मौजूद नहीं थीं। उस वक्त आश्रम में कुल 75 वृद्ध आश्रित रह रहे थे।
माननीय जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष के निर्देश पर गठित कमेटी ने बृहस्पतिवार को वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण किया। इस कमेटी में अध्यक्ष अपर जनपद न्यायाधीश एवं विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट जहेन्द्र पाल सिंह, सदस्य अपर जनपद न्यायाधीश एफटीसी-2 कमल सिंह और सदस्य एवं प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फरहीन खान शामिल थीं।
जांच के दौरान वृद्धाश्रम की अधीक्षिका नीतू सिंह अनुपस्थित पाई गईं, जबकि संचालिका कमलेश कुमारी मौके पर मौजूद थीं। आश्रम में गंदगी और दुर्गंध मिलने पर कमेटी ने साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि वृद्धों को उपलब्ध कराए जाने वाले डायपर की एक्सपायरी डेट तीन साल पहले ही निकल चुकी थी। इस मामले में संचालिका कमेटी को कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सकीं।
कमेटी ने वृद्धों की उपस्थिति पंजिका की भी जांच की। इस दौरान संचालिका ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज उपस्थिति का ब्योरा नहीं दिखा सकीं। वहीं, आश्रम में आने और यहां से जाने वाले वृद्धों से संबंधित रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं मिला।
कमेटी ने सभी कमियों को दूर करने के निर्देश देते हुए कहा कि वृद्धों को नियमित रूप से चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। किसी की स्थिति गंभीर होने पर तत्काल उसकी जांच कराकर उपचार की व्यवस्था की जाए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.