मुजफ्फरनगर: छतेला गांव में बिजली के ट्रांसफार्मर में धमाका, गर्म तेल गिरने से दो युवतियां झुलसीं

HIGHLIGHTS
- शामिया और आरजू घर के अंदर कढ़ाई-बुनाई का काम कर रही थीं।
- शाम करीब पांच बजे घर के पास लगा एलटी ट्रांसफार्मर अचानक फट गया।
- ट्रांसफार्मर से निकला गर्म तेल दोनों युवतियों पर गिर गया।
मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र के छतेला गांव में शुक्रवार शाम बिजली का ट्रांसफार्मर फटने से दो युवतियां गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसे के समय दोनों घर के अंदर कढ़ाई-बुनाई का काम कर रही थीं। इसी दौरान ट्रांसफार्मर से निकला गर्म तेल उन पर गिर गया, जिससे वे झुलस गईं। दोनों को पहले सीएचसी बघरा ले जाया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घर के अंदर कढ़ाई-बुनाई कर रही थीं युवतियां
जानकारी के मुताबिक, छतेला गांव में शुक्रवार शाम करीब पांच बजे शामिया और आरजू एक मकान के अंदर कढ़ाई-बुनाई का काम कर रही थीं। इसी दौरान घर के पास लगा एलटी बिजली का ट्रांसफार्मर अचानक फट गया। ट्रांसफार्मर से निकला गर्म तेल घर के अंदर काम कर रही दोनों युवतियों पर जा गिरा। इसकी चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं।
घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर तितावी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायल युवतियों को इलाज के लिए सीएचसी बघरा भिजवाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने के चलते उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
ट्रांसफार्मर की कॉइल में खराबी की आशंका
बिजली विभाग के जेई सुनील कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर की कॉइल में अंदरूनी खराबी होने के कारण कभी-कभी इस तरह की घटनाएं हो जाती हैं। हालांकि, हादसे की सही वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।
फुगाना सीओ नरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि छतेला गांव में बिजली के ट्रांसफार्मर में आग लगने के बाद वह फट गया। इससे निकले गर्म तेल की चपेट में आने से पास के घर में घरेलू काम कर रही दो युवतियां झुलस गईं। घटना की जानकारी मिलते ही तितावी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने बताया कि दोनों का उपचार जारी है। मौके पर शांति बनी हुई है और कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.