अखिलेश यादव से दीपांकर भट्टाचार्य और संजय सिंह की मुलाकात, यूपी में सीट बंटवारे की चर्चा तेज

HIGHLIGHTS
- सपा प्रमुख अखिलेश यादव से दीपांकर भट्टाचार्य ने गुरुवार को मुलाकात की।
- दीपांकर के साथ सुधाकर यादव, रामजी राय और एन. साई बालाजी भी मौजूद रहे।
- सीपीआई (माले) ने मुलाकात में यूपी के राजनीतिक हालात पर चर्चा होने की जानकारी दी।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर जारी खींचतान के बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव से सीपीआई (माले) के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य और आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह की अलग-अलग मुलाकातों ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। इन बैठकों में सीटों के बंटवारे को लेकर भी बातचीत होने की चर्चा है। हालांकि, इस बारे में किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक बयान नहीं आया है।
दीपांकर भट्टाचार्य ने उत्तर प्रदेश सचिव सुधाकर यादव, पोलित ब्यूरो सदस्य रामजी राय और एन. साई बालाजी के साथ गुरुवार को सपा मुख्यालय पहुंचकर अखिलेश यादव से मुलाकात की थी। इसके बाद सीपीआई (माले) के एक्स हैंडल पर साझा की गई पोस्ट में बताया गया कि बैठक के दौरान नेताओं ने उत्तर प्रदेश में उभर रहे राजनीतिक हालात की जानकारी ली।
अहम मुद्दों पर हुई बातचीत
बैठक में इंडी गठबंधन को मजबूत बनाने और राजनीतिक बदलाव के उद्देश्य से चुनाव को बड़े जन आंदोलन में बदलने के तरीकों पर भी विचार-विमर्श हुआ। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी मुलाकात की तस्वीर एक्स पर साझा करते हुए इसे विशेष बताया।
वहीं, शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने भी अखिलेश यादव से मुलाकात की। संजय सिंह ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने सपा प्रमुख को अपनी बेटी की शादी का निमंत्रण दिया और उनके साथ कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
सूत्रों के अनुसार, दोनों मुलाकातों में सीटों के बंटवारे की संभावनाओं पर भी बातचीत हुई। साथ ही विपक्ष के चुनावी अभियान में 'काकरोच जनता पार्टी' के प्रमुख चेहरों को शामिल करने की संभावना पर भी चर्चा होने की बात सामने आई है। इससे पहले सीजेपी नेता आशुतोष रांका भी सपा प्रमुख से मुलाकात कर चुके हैं।
फिलहाल दोनों दल कांग्रेस के साथ सपा के सीट बंटवारे पर अंतिम निर्णय होने का इंतजार कर रहे हैं। इसके बाद वे अपने लिए सपा के साथ सीटों की संभावनाएं तलाशेंगे।
पिछले विधानसभा चुनाव में भी आम आदमी पार्टी और सपा के एक साथ चुनाव लड़ने को लेकर चर्चा हुई थी। हालांकि, सीटों पर सहमति नहीं बन पाने के कारण बाद में आप ने अकेले चुनाव लड़ा था और उसे एक भी सीट पर जीत नहीं मिली थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.