1109 करोड़ के बैंक फ्रॉड केस में CBI की बड़ी कार्रवाई, काशीपुर में फैक्टरी समेत 6 ठिकानों पर छापे

HIGHLIGHTS
- सीबीआई ने 1109 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में गुप्ता पावर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड और उसके निदेशकों के खिलाफ कई राज्यों में छापेमारी की।
- काशीपुर स्थित कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट समेत ओडिशा, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के कुल छह ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया गया।
- जांच में कंपनी पर स्टॉक और वित्तीय आंकड़ों में हेरफेर कर अधिक ऋण लेने तथा ऋण राशि के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया है।
सीबीआई ने 1109 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में शनिवार को उत्तराखंड के काशीपुर स्थित एक फैक्टरी में छापेमारी की। यह कार्रवाई ओडिशा की कंपनी गुप्ता पावर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड और उसके निदेशकों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के तहत की गई। काशीपुर की यह इकाई कंपनी के लिए महत्वपूर्ण उपकरणों का निर्माण करती है। सीबीआई ने इस मामले में पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और ओडिशा में भी तलाशी अभियान चलाया।
सीबीआई के मुताबिक, कंपनी पर केनरा बैंक से विभिन्न फंड आधारित और गैर-फंड आधारित ऋण सुविधाएं प्राप्त कर 1109 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। जांच में सामने आया है कि अधिक ऋण हासिल करने के लिए कंपनी ने स्टॉक का मूल्य बढ़ाकर दिखाया, व्यापारिक देनदारियों के आंकड़ों में हेरफेर की और वित्तीय विवरणों को गलत तरीके से प्रस्तुत किया।
आरोप है कि ऋण राशि प्राप्त करने के बाद उसका दुरुपयोग किया गया और धन को अन्य स्थानों पर स्थानांतरित किया गया। साथ ही खातों को नियमित दर्शाने के लिए कथित रूप से फर्जी वित्तीय लेनदेन भी किए गए, जिससे बैंक को भारी नुकसान पहुंचा।
सीबीआई ने विशेष न्यायाधीश, सीबीआई, भुवनेश्वर द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर ओडिशा, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और उत्तराखंड में कुल छह स्थानों पर छापेमारी की। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर स्थित कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की भी तलाशी ली गई, जहां से महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
इसके अलावा भुवनेश्वर में निदेशकों के आवास, कोलकाता स्थित कंपनी के पंजीकृत कार्यालय तथा तमिलनाडु के तिरुवल्लूर और ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित उत्पादन इकाइयों में भी तलाशी की कार्रवाई की गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.