पुणे में मृत मिली लंदन से लौटी MBA छात्रा, फूड डिलीवरी ट्रांजेक्शन से खुला राज

HIGHLIGHTS
- मुग्धा देशमुख जुलाई 2025 में MBA की पढ़ाई के लिए लंदन गई थी।
- अगस्त में माता-पिता को बिना बताए भारत लौट आई थी।
- 24 अक्टूबर के बाद परिवार का उससे संपर्क टूट गया था।
पुणे। लंदन में एमबीए की पढ़ाई करने गई एक महिला पुणे स्थित अपने अपार्टमेंट में मृत अवस्था में मिली। पुलिस के मुताबिक, वह अपने माता-पिता को जानकारी दिए बिना ही लंदन से भारत लौट आई थी। परिवार को उसके भारत में होने का सुराग फूड डिलीवरी से जुड़े कुछ ट्रांजेक्शन की जानकारी मिलने के बाद लगा।
एक अधिकारी ने बताया कि मुग्धा देशमुख जुलाई 2025 में एमबीए की पढ़ाई के लिए लंदन गई थी। हालांकि, वह अगस्त में किसी को बताए बिना भारत वापस आ गई। गुरुवार को पिंपरी चिंचवड़ के गहुंजे इलाके में स्थित एक रिहायशी कॉम्प्लेक्स के फ्लैट में उसका शव मिला। उसके शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं पाए गए।
लंदन में अकेले रहती थी मुग्धा
पुलिस के अनुसार, छत्रपति संभाजीनगर की निवासी मुग्धा लंदन में अकेले रहती थी। वहां वह कुछ पार्ट-टाइम काम भी करती थी। इस दौरान उसका परिवार फोन और मैसेज के जरिए लगातार उसके संपर्क में था।
परिवार ने बताया कि 24 अक्टूबर को मुग्धा से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उससे बात नहीं हो सकी। इसके बाद उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। मुग्धा के पिता अविनाश देशमुख ने इस सप्ताह की शुरुआत में छत्रपति संभाजीनगर पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत में यह जानकारी दी थी।
मुग्धा की सहेली से परिवार ने की पूछताछ
अधिकारी के मुताबिक, मुग्धा से संपर्क नहीं होने पर परिवार ने लंदन में रहने वाली उसकी एक सहेली से बात की। सहेली ने बताया कि उसकी मुग्धा से आखिरी बातचीत 22 अक्टूबर को मैसेज के जरिए हुई थी।
इसके बाद सहेली ने लंदन पुलिस को मुग्धा के लापता होने की सूचना दी। हालांकि, वहां की पुलिस ने बताया कि मुग्धा अगस्त के आखिरी दिनों में ही ब्रिटेन छोड़ चुकी थी। बेटी का कोई पता नहीं चलने और उसकी सुरक्षा को लेकर चिंतित परिवार ने भारतीय अधिकारियों के साथ भारतीय उच्चायोग से भी मदद मांगी।
बैंक स्टेटमेंट से मिला भारत में होने का सुराग
पुलिस के अनुसार, मुग्धा के पिता ने उसके बैंक स्टेटमेंट की जांच की। इसमें 8 से 25 अक्टूबर के बीच फूड डिलीवरी और ऑनलाइन सर्विस प्लेटफॉर्म से जुड़े कई लेनदेन दर्ज मिले। इनमें एक ट्रांजेक्शन छत्रपति संभाजीनगर के उस्मानपुरा इलाके से हुआ होने का संदेह था। इससे परिवार को अंदेशा हुआ कि मुग्धा भारत में ही मौजूद हो सकती है।
पुलिस ने फ्लैट का दरवाजा खोलकर बरामद किया शव
अधिकारी ने बताया कि मुग्धा की सुरक्षा को लेकर चिंतित परिवार ने छत्रपति संभाजीनगर क्राइम ब्रांच से संपर्क किया। इसके बाद पुलिस ने उसकी लोकेशन का पता लगाया।
पिंपरी चिंचवड़ के शिरगांव पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर देवेंद्र चव्हाण ने बताया, "छत्रपति संभाजीनगर पुलिस ने मुग्धा की लोकेशन गहुंजे स्थित लोढ़ा बेलमोंडो कॉम्प्लेक्स में ट्रेस की। हम उस फ्लैट तक पहुंचे जहां वह रह रही थी, एक चाबी बनाने वाले की मदद से अंदर गए और उसे मृत पाया।"
उन्होंने बताया कि मुग्धा के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। मौत की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए उसका विसरा सुरक्षित रखा गया है।
चव्हाण के मुताबिक, पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि मुग्धा ने अप्रैल में ही यह अपार्टमेंट किराए पर ले लिया था। हालांकि, अगस्त में यूके से भारत लौटने के बाद ही उसने यहां रहना शुरू किया था। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.