मेरठ के खरखौदा में कंठी माता मेले में उमड़ी भीड़, श्रद्धालुओं ने की पूजा-अर्चना

मेरठ। कस्बा खरखौदा में आयोजित दो दिवसीय कंठी माता मेले के दूसरे दिन सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। दूर-दूर से पहुंचे भक्तों ने माता के दर्शन कर अपनी मनोकामनाएं मांगीं और मुराद पूरी होने पर प्रसाद अर्पित किया। मंदिर समिति के अनुसार इस बार मेले में अब तक करीब 300 लीटर शराब प्रसाद के रूप में चढ़ाई जा चुकी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक यह मेला कई पीढ़ियों से लगातार आयोजित होता आ रहा है और इसकी धार्मिक मान्यता काफी गहरी है। मेले के आयोजन में हिंदू समुदाय के साथ अन्य धर्मों के लोग भी सहयोग करते हैं। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि कंठी माता के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई मन्नत जरूर पूरी होती है। यही कारण है कि पूजा-अर्चना के अलावा बीमारियों से राहत की कामना लेकर भी बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं।
मंदिर समिति के अध्यक्ष अजय त्यागी ने बताया कि आसपास के जिलों ही नहीं बल्कि दूसरे राज्यों से भी श्रद्धालु मेले में शामिल होने आते हैं। आमतौर पर भक्त नारियल, चुनरी और मिठाई का प्रसाद चढ़ाते हैं, लेकिन यहां शराब चढ़ाने की भी वर्षों पुरानी परंपरा चली आ रही है। उन्होंने बताया कि चढ़ावे में आने वाली शराब को एक बड़े ड्रम में एकत्र किया जाता है और बाद में श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप वितरित कर दिया जाता है।
समिति के अनुसार सोमवार देर शाम मेले का समापन किया जाएगा। मेले की शुरुआत में माता की मूर्तियों को विशेष विधि-विधान के साथ मंदिर परिसर में लाया जाता है और समापन के बाद उन्हें सम्मानपूर्वक निर्धारित स्थान पर स्थापित किया जाता है।
मेले के दौरान सामाजिक सेवा के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं और राहगीरों के लिए शरबत व ठंडे दूध की व्यवस्था की गई। जिला पंचायत सदस्य गोपाल प्रधान के नेतृत्व में लगाए गए शिविर में लोगों को गर्मी से राहत देने के लिए शरबत वितरित किया गया। शिविर का शुभारंभ बसपा मंडल प्रभारी सुभाष प्रधान और जिला संयोजक बाबूराम जाटव ने किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.