मुजफ्फरनगर के हैदरपुर वेटलैंड में विदेशी पक्षियों का जमावड़ा, 20 हजार से अधिक ने डाला डेरा

HIGHLIGHTS
- उत्तर प्रदेश की 10वीं रामसर साइट हैदरपुर वेटलैंड पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
- माउंट एवरेस्ट पार कर पहुंचे करीब 20 हजार प्रवासी पक्षियों ने यहां डेरा जमाया है।
- प्रवासी पक्षी चीन और मंगोलिया से उड़ान भरकर हैदरपुर वेटलैंड पहुंचते हैं।
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश की 10वीं रामसर साइट हैदरपुर वेटलैंड इन दिनों प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट को पार कर यहां पहुंचे लगभग 20 हजार प्रवासी पक्षियों को देखने के लिए सैलानियों की आवाजाही बढ़ गई है।
हैदरपुर वेटलैंड में पर्यटकों को भ्रमण कराने के लिए स्थानीय युवाओं की इको डेवलपमेंट कमेटी (ईडीसी) ने विशेष इंतजाम किए हैं। यहां घूमने के लिए ई-रिक्शा और साइकिल उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही दूरबीन की सुविधा भी दी जा रही है, जिससे पर्यटक पक्षियों की गतिविधियों को नजदीक से देख सकें।
पक्षियों के झुंड पर्यटकों को कर रहे आकर्षित
वेटलैंड का भ्रमण करने के बाद पर्यटक परिसर में बने सारस कैफे में स्थानीय व्यंजनों का आनंद भी उठा रहे हैं। यहां बनाई गई तीन किलोमीटर लंबी नेचर ट्रेल, पांच वॉच टावर, 12 वॉच हट और डॉल्फिन पॉइंट भी सैलानियों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। आसमान में उड़ते पक्षियों के झुंड को देखकर पर्यटक इन खूबसूरत नजारों को अपने मोबाइल और कैमरों में कैद कर रहे हैं।
पक्षी विशेषज्ञ आशीष लोया के अनुसार, ये प्रवासी पक्षी चीन और मंगोलिया से उड़ान भरकर माउंट एवरेस्ट जैसी कठिन पर्वत श्रृंखला को पार करते हुए हैदरपुर वेटलैंड पहुंचते हैं। अक्टूबर में इनके आने का सिलसिला शुरू हुआ था, जो नवंबर के अंत तक जारी रहा और इनकी संख्या 20 हजार से अधिक हो गई।
मुजफ्फरनगर और बिजनौर जिले की सीमा पर 6900 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले इस वेटलैंड में ग्रेलेग गूज, बारहेडेड गूज, ब्लैक स्टार्क, पाइड एवोसेट, कामन टील, गैडवाल, नार्दर्न शावलर, नार्दर्न पिनटेल, गार्गेनी, टफ्टेड पोचार्ड, ब्लैक नेक्ड स्टार्क, यूरेशियन कर्ल्यू और कामन पोचार्ड जैसी प्रजातियों के पक्षियों ने अपना डेरा जमाया हुआ है।
333 प्रजातियों के पक्षियों और जलीय जीवों का ठिकाना
मध्य गंगा बैराज के पास स्थित हैदरपुर वेटलैंड प्रवासी पक्षियों के साथ-साथ जैव विविधता के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। यहां अब तक पक्षियों की 333 प्रजातियों की पहचान की जा चुकी है। इनमें 213 प्रवासी और 120 अप्रवासी प्रजातियां शामिल हैं।
इसके अलावा गंगा किनारे फैली इस आर्द्रभूमि में ऊदबिलाव, घड़ियाल, डॉल्फिन, मछलियों की अलग-अलग प्रजातियां और तितलियों की लगभग 50 रंग-बिरंगी प्रजातियां भी पाई जाती हैं। यहां मौजूद पटेर घास में दुर्लभ बारहसिंगा भी खुले तौर पर विचरण करते नजर आते हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.