मुंबई: FDA का बड़ा एक्शन, ओलंपिया कॉफी हाउस समेत 14 फूड प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित

HIGHLIGHTS
- ओलंपिया में 35 में से 34 फूड हैंडलर्स ने ट्रेनिंग नहीं ली थी।
- पानी की टेस्टिंग रिपोर्ट और सैनिटेशन रिकॉर्ड नहीं मिले।
- ठाणे और मीरा रोड में 2,300 किलो से अधिक मावा जब्त हुआ।
मुंबई। मुंबई में कैफे और खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ एफडीए की कार्रवाई जारी है। महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) ने गुरुवार को कोलाबा स्थित प्रसिद्ध ओलंपिया कॉफी हाउस का लाइसेंस निलंबित कर दिया। निरीक्षण के दौरान फूड स्टोरेज एरिया में यूरिनल, रसोई में कॉकरोच और मक्खियों का प्रकोप मिला। इसके अलावा फ्रिज में मांस और खून के अवशेष भी पाए गए।
उपभोक्ता की शिकायत के बाद की गई कार्रवाई में एफडीए ने मुंबई सेंट्रल स्थित नायर अस्पताल की कैंटीन का लाइसेंस भी तत्काल निलंबित कर दिया। इन दोनों प्रतिष्ठानों समेत राज्यभर में 27 जगहों पर निरीक्षण किया गया, जिसके बाद 14 फूड प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए।
ओलंपिया कॉफी हाउस में मिलीं कई खामियां
ओलंपिया कॉफी हाउस में स्वच्छता से जुड़ी कई गंभीर कमियां दर्ज की गईं। फूड स्टोरेज एरिया में यूरिनल के अलावा खाना बनाने और बर्तन धोने की व्यवस्था भी अस्वच्छ पाई गई। फर्श पर सीधे खाना संभालने, गंदे पानी के इस्तेमाल और शाकाहारी व मांसाहारी कच्चे खाद्य पदार्थों को सही तरीके से अलग न रखने की बात भी सामने आई।
निरीक्षण के दौरान क्षतिग्रस्त लकड़ी के चॉपिंग बोर्ड भी पाए गए। फूड हैंडलर्स सुरक्षात्मक कपड़ों का इस्तेमाल नहीं कर रहे थे। यहां काम करने वाले 35 फूड हैंडलर्स में से 34 ने अनिवार्य फूड सेफ्टी ट्रेनिंग नहीं ली थी। इसके अलावा पानी की परीक्षण रिपोर्ट और सैनिटेशन रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे।
कई अन्य प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई
एफडीए की कार्रवाई में अन्य प्रतिष्ठान भी शामिल रहे। इनमें केंबूर का ब्लिंकिट स्टोर, घाटकोपर के विशवास स्वीट्स और ए-1 जनरल एंड ड्राई फ्रूट्स, वरली का मिलन पंजाब, मलाड का सदगुरु स्वीट्स और खारघर की एक यूनिट शामिल हैं। पुणे और नागपुर में भी कई रेस्तरां कार्रवाई की जद में आए।
त्योहारी सीजन में दूध और डेयरी उत्पाद जब्त
त्योहारी सीजन को लेकर चलाए गए अभियान के दौरान एफडीए ने राज्यभर में 2,813 किलो दूध और डेयरी उत्पाद जब्त किए। इनकी कीमत 7.38 लाख रुपये बताई गई है। जब्त किए गए उत्पादों में खोया, मावा और पनीर शामिल हैं।
ठाणे और मीरा रोड में गुजरात से लाए जा रहे 2,300 किलो से अधिक घटिया मावा को जब्त किया गया। वहीं, नागपुर में प्रतिबंधित गुटखा और तंबाकू ले जा रहे वाहनों से 12.10 लाख रुपये का माल जब्त किया गया और तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.