मुजफ्फरनगर: बिना नंबर की बलेनो से 72 हजार ट्रामाडोल कैप्सूल और 549 इंजेक्शन बरामद, 3 गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- सिविल लाइन थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान कार को रोका
- पुलिस को देखकर चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी थी
- कार की पिछली सीट और डिग्गी से दवाओं की खेप मिली
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन थाना पुलिस ने नशीली दवाओं की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बिना नंबर की बलेनो कार से 72,000 ट्रामाडोल कैप्सूल और 549 इंजेक्शन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, बरामद दवाओं में स्पास्मोविल कंपनी के 72,000 ट्रामाडोल कैप्सूल, एविल कंपनी के 50 इंजेक्शन और पैंटासिल कंपनी के 499 इंजेक्शन शामिल हैं। पुलिस ने सफेद रंग की बिना नंबर वाली बलेनो कार को भी जब्त किया है।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि सिविल लाइन थाना प्रभारी इंद्रजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक बलेनो कार पुलिस को देखकर भागने लगी। पुलिस टीम ने पीछा कर कार को रोक लिया।
पुलिस के मुताबिक, उपनिरीक्षक अरुण चाहर टीम के साथ रेलवे रोड पर चेकिंग कर रहे थे। तभी एसडी तिराहे की ओर से एक कार आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो चालक ने रफ्तार बढ़ाकर माल रोड की तरफ भागने की कोशिश की। पीछा करने के बाद पुलिस ने कार को घेरकर रोक लिया।
कार की पिछली सीट से दो कार्टून और डिग्गी से एक कार्टून व एक बैग बरामद हुआ। जांच के दौरान दो कार्टूनों से भूरे रंग के 47,976 ट्रामाडोल कैप्सूल मिले, जिनका वजन करीब 28.78 किलोग्राम बताया गया। वहीं, एक कार्टून से नीले रंग के 23,976 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद हुए, जिनका वजन करीब 14.13 किलोग्राम था। कुल 72,000 ट्रामाडोल कैप्सूल जब्त किए गए।
इसके अलावा बैग से एविल कंपनी के 50 इंजेक्शन और पैंटासिल कंपनी के 499 इंजेक्शन बरामद किए गए। इस तरह कुल 549 इंजेक्शन मिले।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दीपक पुत्र रोहताश, निवासी तीर्थ कॉलोनी, रेलवे स्टेशन के पास खतौली, मूल निवासी ग्राम कुतुबपुर, थाना छपार; कलीम पुत्र अशफाक, निवासी बधौली, थाना खरखौदा, जनपद मेरठ और जुनैद पुत्र इकबाल, निवासी मुफ्ती कय्यूम मदरसा के पास, जूस वाली गली, लोहिया नगर, जनपद मेरठ शामिल हैं।
ऊंचे दामों पर सप्लाई करने का आरोप
पुलिस फर्द में दर्ज पूछताछ के कथित विवरण के अनुसार आरोपियों ने दवाओं को ब्लैक में खरीदने और मांग के अनुसार अधिक कीमत पर सप्लाई करने की बात बताई है। पुलिस अब बरामद दवाओं के स्रोत और कथित सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।
कार सीज, एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई
पुलिस ने बरामद सफेद रंग की बलेनो कार को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया है। बरामद दवाओं के नमूने अलग-अलग लेकर सील किए गए हैं। तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 8/21/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में सिविल लाइन थाना प्रभारी इंद्रजीत सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अरुण चाहर, कांस्टेबल अंकित कुमार, कांस्टेबल सैनी कुमार, कांस्टेबल मोहित कुमार, कांस्टेबल सुधीर कुमार, कांस्टेबल ब्रह्मदेव सिंह, कांस्टेबल याकूब अली, रिजर्व कांस्टेबल अनमोल सिंह, कांस्टेबल सनी और कांस्टेबल पंकज भाटी शामिल रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.