मुजफ्फरनगर में बेखौफ बदमाश, पुलिस चौकी के पास महिला के कान से कुंडल झपटकर फरार

HIGHLIGHTS
- साकेत रोड पर बाइक सवार ने अचानक महिला को बनाया निशाना
- घटना के बाद तेज रफ्तार में फरार हुआ बदमाश
- पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की
मुजफ्फरनगर: थाना सिविल लाइन क्षेत्र में सोमवार रात करीब 10:30 बजे साकेत पुलिस चौकी से कुछ ही कदम की दूरी पर बाइक सवार बदमाश ने सरेराह एक महिला के कान से कुंडल झपट लिया। घटना के वक्त महिला एक अन्य महिला के साथ सदर बाजार स्थित मेडिकल स्टोर से खाना देकर पैदल साकेत की तरफ लौट रही थी।
इसी दौरान एक बदमाश बाइक से अचानक दोनों महिलाओं के पास पहुंचा और मौका मिलते ही महिला के कान से कुंडल झपट लिया। इसके बाद वह तेज रफ्तार में बाइक दौड़ाते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस चौकी के इतने करीब हुई वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
साकेत की पान वाली गली में रहने वाली संजना पत्नी अजनेर सिंह अपने पति के सदर बाजार स्थित मेडिकल स्टोर पर खाना देने गई थीं। उनके साथ भोपा थाना क्षेत्र के गांव नन्हेड़ी निवासी शर्मिष्ठा पत्नी कुशलपाल भी थीं। दोनों मेडिकल स्टोर पर खाना पहुंचाने के बाद पैदल साकेत की ओर लौट रही थीं।
बताया गया कि जैसे ही दोनों महिलाएं साकेत रोड पर पहुंचीं, तभी एक अज्ञात बाइक सवार उनके पास आया। बदमाश ने अचानक महिला के कान पर झपट्टा मारा और कुंडल छीन लिया। अचानक हुई इस घटना से दोनों महिलाएं घबरा गईं। उनके शोर मचाने और आसपास के लोगों को जानकारी देने तक बदमाश तेज रफ्तार बाइक से फरार हो चुका था।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के राहगीर और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस को भी सूचना दी गई। वारदात पुलिस चौकी के बेहद नजदीक होने के कारण स्थानीय लोगों में पुलिस गश्त को लेकर नाराजगी दिखाई दी। क्षेत्रवासियों का कहना है कि जब चौकी के आसपास ही बदमाश इस तरह की घटना को अंजाम देकर निकल जा रहे हैं, तो बाजार और मुख्य सड़कों पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है।
स्थानीय लोगों ने साकेत रोड समेत आसपास के प्रमुख रास्तों पर शाम और रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। इसके अलावा संदिग्ध बाइकों की चेकिंग और बाजार में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने की मांग भी की गई है।
छिनैती की सूचना मिलने के बाद थाना सिविल लाइन प्रभारी निरीक्षक इंद्रजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और संजना व शर्मिष्ठा से घटना की जानकारी ली। आसपास के दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की गई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.