मुजफ्फरनगर: बलवाखेड़ी में किसानों की पंचायत, अधिकारियों के सामने रखीं गांव की प्रमुख समस्याएं

HIGHLIGHTS
- ग्रामीणों की समस्याएं सुनने पहुंचे संबंधित विभागों के अधिकारी
- एसडीएम सदर को सौंपा गया आठ मांगों वाला ज्ञापन
- गांव में चिकित्सक की व्यवस्था की मांग उठाई गई
मुजफ्फरनगर के चरथावल विकासखंड के ग्राम बलवाखेड़ी में भारतीय किसान यूनियन सेवक अराजनीतिक की ओर से विशाल पंचायत आयोजित की गई। पंचायत संगठन के विस्तार और ग्रामीणों की प्रमुख समस्याओं को लेकर बुलाई गई थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर दीपक सोम के नेतृत्व में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से रखीं।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के लिए एसडीएम सदर, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता, एसडीओ थानाभवन और चरथावल थाना प्रभारी समेत संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। पंचायत के दौरान ग्रामीणों ने एसडीएम सदर को ज्ञापन सौंपकर आठ प्रमुख मांगें रखीं।
ग्रामीणों की मांगों में बलवाखेड़ी से क्यामपुर तक सड़क निर्माण, बलवाखेड़ी-महाड़ी पुल से किड्स हेवन पब्लिक स्कूल तक सड़क बनवाना, गांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सक की व्यवस्था और ग्राम सचिवालय में सप्ताह में एक दिन लोकपाल के बैठने की मांग शामिल रही। ग्रामीणों ने गांव के पश्चिमी हिस्से में जल निकासी के लिए बने नाले की खुदाई कराने और बलवाखेड़ी-दुधली मार्ग की अधूरी सड़क को पूरा कराने की मांग भी रखी।
इसके अलावा ग्रामीणों ने छोटी-मोटी कहासुनी और विवादों का समाधान गांव के जिम्मेदार लोगों की मौजूदगी में कराने की बात कही, जिससे ग्रामीणों को अनावश्यक मुकदमेबाजी से बचाया जा सके। बिजली विभाग की ओर से किसानों के एक किलोवाट के कनेक्शन को दो किलोवाट और दो किलोवाट के कनेक्शन को तीन किलोवाट किए जाने की जांच कराने की मांग भी उठाई गई। किसानों का कहना था कि इससे उनके बिजली बिल काफी बढ़ गए हैं।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। पंचायत की अध्यक्षता राकेश बाबा ने की, जबकि संचालन ठाकुर रामभुल ने किया। इस दौरान प्रदेश युवा अध्यक्ष प्रशांत राणा, मंडल अध्यक्ष अजमल पुंडीर, मंडल सचिव गय्यूर अली, जिलाध्यक्ष ठाकुर शोभित पुंडीर, दसरत मढ़ाढ, सचिन सोम, नेत्रपाल सिंह, ठाकुर गौतम कुशवाहा, रोहित राणा, प्रवीण राणा, मंजीत राणा, अरविंद राणा, ऋषिपाल राणा, पिंटू राणा, कंवरपाल सिंह और रामगोपाल शर्मा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.