मुजफ्फरनगर में हाईमास्ट का खंभा HT लाइन से टकराया, करंट लगने से हेल्पर की मौत

HIGHLIGHTS
- हाईमास्ट का खंभा ऊपर से गुजर रही एचटी लाइन से टकराया।
- मृतक बंटी ने करीब 15 दिन पहले ही ठेकेदार के यहां काम शुरू किया था।
- परिजनों ने 20 लाख रुपये मुआवजे और एक आश्रित को सरकारी नौकरी की मांग की।
मुजफ्फरनगर में भोपा रोड पर हाईमास्ट लाइट लगाते समय करंट की चपेट में आने से एक हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सोमवार शाम शांतिनगर गेट नंबर-2 के पास हुआ। नगर पालिका परिषद की ओर से ठेके पर हाईमास्ट लाइट लगाने का काम कराया जा रहा था। ठेकेदार पवन अरोरा की टीम सोमवार शाम करीब 5 बजे हाईड्रा की मदद से लाइट लगा रही थी। इसी दौरान हाईमास्ट का खंभा ऊपर से गुजर रही एचटी लाइन से टकरा गया।
करंट लगने से मुस्तफाबाद पचेंडा निवासी बंटी पुत्र हरिओम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसका एक साथी भी घायल हुआ। घटना के बाद ठेकेदार मौके से फरार हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने बंटी के शव को भोपा रोड पर रखकर जाम लगा दिया और हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने 20 लाख रुपये मुआवजे और परिवार के एक आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग की।
जाम और हंगामे की सूचना मिलने पर नई मंडी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी मुआवजे और सरकारी नौकरी का आश्वासन मिलने से पहले जाम खोलने को तैयार नहीं हुए। हादसे की जानकारी मिलने पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा भी मौके पर पहुंचे। सीओ नई मंडी सुनील कुमार और थाना सिविल लाइन के प्रभारी निरीक्षक इंद्रजीत सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर मौजूद रहे।
तीन माह पहले हुई थी शादी, 15 दिन पहले शुरू की थी नौकरी
हादसे में जान गंवाने वाले बंटी की शादी तीन माह पहले गांव ताजपुर निवासी सोनिया के साथ हुई थी। उसके भाई दीपक ने बताया कि बंटी पहले हाईड्रा पर मजदूरी करता था। हाईमास्ट लगाने वाले ठेकेदार के यहां उसने करीब 15 दिन पहले ही काम शुरू किया था। चार भाई-बहनों में बंटी सबसे छोटा था। उसके पिता की भी पांच साल पहले मौत हो चुकी है।
मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाएगा
नगर पालिका से ठेका लेकर हाईमास्ट लाइट लगाने वाले ठेकेदार पवन अरोरा ने बताया कि उन्हें हादसे की जानकारी है और वह जल्द मौके पर पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों की ओर से क्या मांग की जा रही है, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है, लेकिन परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।
हाईमास्ट लाइट का खंभा खड़ा करते समय नहीं लिया गया था शटडाउन
ऊर्जा निगम के मुख्य अभियंता विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि उनके संज्ञान में आया है कि भोपा रोड के पास हाईमास्ट लाइट लगाने का काम किया जा रहा था। ठेकेदार की ओर से बिना शटडाउन लिए ही काम किया जा रहा था। जानकारी के अनुसार, जहां लाइट लगाई जा रही थी, उसके पास से ही 11 हजार वोल्ट की एचटी लाइन गुजर रही थी। हाईड्रा के लाइन से टकराने के बाद हादसा हुआ।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.