मुजफ्फरनगर: नीट री-एग्जाम शांतिपूर्ण तरीके से जारी, प्रशासन अलर्ट मोड पर

मुजफ्फरनगर। देशभर के साथ-साथ मुजफ्फरनगर में भी रविवार को NEET UG की पुनर्परीक्षा कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच आयोजित की जा रही है। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आई।
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की गहन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया, वहीं केंद्रों के बाहर बड़ी संख्या में अभिभावक भी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत हर स्तर पर निगरानी रखी गई ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।

पिछली परीक्षा में पेपर लीक और गड़बड़ी के आरोपों के बाद प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित की जा रही है। ऐसे में प्रशासन ने इस बार विशेष इंतजाम किए हैं और परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाने पर जोर दिया गया है।
केंद्रों के बाहर मौजूद अभिभावकों ने उम्मीद जताई कि इस बार बच्चों की मेहनत के साथ किसी भी तरह का अन्याय नहीं होगा। उनका कहना है कि उनके बच्चे पिछले दो वर्षों से मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी में जुटे हुए हैं।

एक अभिभावक ने बताया कि पिछली परीक्षा में उत्तर कुंजी के आधार पर उनके बच्चे के 650 से अधिक अंक आने की संभावना थी, लेकिन पेपर लीक विवाद के कारण पूरी प्रक्रिया प्रभावित हो गई। उन्होंने कहा कि इस बार बच्चों ने पूरी मेहनत की है और सरकार को सुनिश्चित करना चाहिए कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से कराई जाए तथा पेपर लीक जैसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई हो।
अभिभावकों ने यह भी कहा कि लाखों छात्रों का भविष्य ऐसी परीक्षाओं पर निर्भर करता है, इसलिए परीक्षा प्रणाली पर भरोसा बनाए रखना बेहद जरूरी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.