मुजफ्फरनगर: साधु बनकर घूम रहे दूसरे समुदाय के छह युवक गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर: ककरौली पुलिस ने महिलाओं को भविष्य बताने और ठगी करने वाले गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपित शकील, शौकीन, इकबाल, सजील, अय्यूब और हनीश मुस्लिम समुदाय से हैं और पुलिस के अनुसार ये हिंदू साधुओं का वेश धारण कर महिलाओं को भ्रमित कर पैसे वसूलते थे।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता में बताया कि थाना ककरौली पुलिस को क्षेत्र में साधुओं के वेश में घूमते संदिग्ध युवकों की जानकारी मिली थी। जड़वड़ गांव के ग्रामीणों ने अहसान नामक एक युवक को साधु के वेश में पकड़कर पुलिस को सौंपा था। जांच में पता चला कि इसी तरह के अन्य युवक भी विभिन्न गांवों में महिलाओं को भविष्य बताकर ठगी कर रहे थे।
बृहस्पतिवार को थाना बुढ़ाना क्षेत्र के जौला गांव निवासी शकील, शौकीन, इकबाल, सजील, अय्यूब और शाहपुर के गोयला गांव निवासी हनीश को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से हिंदू नाम व पते लिखे छह फर्जी आधार कार्ड बरामद हुए। इन फर्जी आधार कार्डों में उनके पते मीरापुर क्षेत्र के कुतुबपुर गांव के नामों पर दर्ज थे: राजवीर, सत्या, रामू, रमेश, सादी और कालू।
एसएसपी ने बताया कि आरोपित मीरापुर के कुतुबपुर गांव में किराए के कमरों में रहकर अपनी गतिविधियां संचालित कर रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पिछले करीब सात वर्षों से इस तरह की ठगी में लगे हुए हैं। प्रेस वार्ता में एसपी देहात आदित्य बंसल और थानाध्यक्ष ककरौली जोगिंद्र सिंह भी मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.