मुजफ्फरनगर: CEC के इस्तीफे की मांग को लेकर रविवार को सपा निकालेगी विरोध मार्च

HIGHLIGHTS
- सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने शनिवार को प्रेस वार्ता में जानकारी दी।
- कार्यकर्ता सुबह 11 बजे पार्टी कार्यालय से मार्च शुरू करेंगे।
- मार्च कचहरी स्थित डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा तक निकाला जाएगा।
मुजफ्फरनगर। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी रविवार को मुजफ्फरनगर में विरोध मार्च निकालेगी। शनिवार दोपहर 2 बजे पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने इसकी जानकारी दी।
जिया चौधरी ने बताया कि सपा कार्यकर्ता सुबह 11 बजे पार्टी कार्यालय से कचहरी परिसर स्थित डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा तक मार्च निकालेंगे। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंकने की भी घोषणा की गई है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल के निर्देश पर 2 से 8 अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ मनाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रविवार को विरोध मार्च आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग इस अभियान का प्रमुख मुद्दा है।
मतदाता सूची में गड़बड़ी का लगाया आरोप
जिलाध्यक्ष जिया चौधरी ने मतदाता सूची को लेकर भी आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि 10 अप्रैल को जारी मतदाता सूची में बड़े स्तर पर गड़बड़ी की गई है। उनके अनुसार, कई बूथों पर एक ही नाम से पांच-पांच फर्जी वोट दर्ज किए गए हैं।
उन्होंने समान नाम, पिता के नाम और उम्र के आधार पर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में करीब 4 हजार तक फर्जी वोट होने का भी दावा किया।
12 अक्टूबर को डीएम के सामने रखेंगे डेटा
जिया चौधरी ने कहा कि पार्टी ने मुजफ्फरनगर की सभी छह विधानसभा सीटों से जुड़ा डेटा एकत्र किया है। उन्होंने बताया कि संभवत: 12 अक्टूबर को सपा का प्रतिनिधिमंडल डीएम के सामने यह डेटा और अन्य साक्ष्य पेश करेगा। पार्टी की ओर से इसके आधार पर मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी की जांच की मांग की जाएगी।
प्रेस वार्ता में पार्टी पदाधिकारी मौजूद
प्रेस वार्ता के दौरान इल्म सिंह, गुर्जर बॉबी त्यागी, सपा महासचिव राकेश शर्मा और महिला सभा जिलाध्यक्ष पूनम अंबेडकर समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.