मुजफ्फरनगर: एक ही दुल्हन के लिए दो दूल्हे लेकर पहुंचे बारात, गांव में मचा हंगामा

खतौली (मुजफ्फरनगर)। थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जब एक ही दुल्हन से शादी करने के लिए दो अलग-अलग दूल्हे बारात लेकर उसके घर पहुंच गए। अचानक दो बारातों के आने से गांव में अफरा-तफरी मच गई और शादी का माहौल हंगामे में बदल गया।
जानकारी के अनुसार गांव की एक युवती का रिश्ता करीब छह महीने पहले शामली जिले के रहने वाले प्रदीप से तय हुआ था और शादी की तारीख 10 मार्च रखी गई थी। लेकिन शादी से एक दिन पहले सोमवार को दूल्हे के बड़े भाई का निधन हो गया। इस कारण दूल्हे के परिवार ने बारात एक दिन बाद लाने के लिए समय मांगा।
इसी बीच लड़की पक्ष ने मेरठ जिले के रहने वाले आकाश के साथ भी युवती का रिश्ता तय कर दिया। इस बारे में प्रदीप के परिवार को कोई सूचना नहीं दी गई। मंगलवार को शादी की पूरी तैयारियां हो चुकी थीं, मंडप सज चुका था और मेहमान भी पहुंच चुके थे। दोपहर के समय दोनों युवक अपनी-अपनी बारात लेकर लड़की के घर पहुंच गए, जिससे वहां मौजूद लोग हैरान रह गए।
दोनों दूल्हे युवती से शादी करने की जिद पर अड़ गए। बताया जाता है कि युवती ने बाबरी क्षेत्र के युवक के साथ विवाह करने की इच्छा जताई, जिससे विवाद और बढ़ गया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी इकट्ठा हो गए।
इसी दौरान किसी व्यक्ति ने नाबालिग लड़की की शादी कराए जाने की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन को दे दी। सूचना मिलने पर मुजफ्फरनगर से चाइल्ड लाइन के प्रभारी सचिन कुमार और सुपरवाइजर भुवनेश्वर पुलिस के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने लड़की की उम्र से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन परिवार कोई प्रमाण नहीं दिखा सका। इसके बाद टीम युवती को अपने साथ ले गई और दोनों बारातों को वापस भेज दिया गया।
बताया जाता है कि युवती के पिता एक सड़क दुर्घटना में दिव्यांग हो गए थे और परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। ग्रामीणों ने मिलकर शादी के लिए चंदा भी इकट्ठा किया था। वहीं जिस युवती की शादी होनी थी, वह भी एक पैर से दिव्यांग बताई जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि लड़की पक्ष द्वारा दो जगह रिश्ता तय करना ही विवाद की मुख्य वजह बना।
गांव वालों के अनुसार शादी का पूरा खर्च ग्रामीणों की मदद से किया जा रहा था। बारातियों के खाने-पीने का इंतजाम भी ग्रामीणों ने मिलकर किया था। एक दूल्हा सात बारातियों के साथ आया था, जबकि दूसरा छह बारातियों को लेकर पहुंचा था। दोनों बारातियों को भोजन कराने के बाद वापस भेज दिया गया।
चाइल्ड लाइन प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि नाबालिग लड़की की शादी की शिकायत मिलने पर टीम मौके पर पहुंची थी। उम्र से संबंधित दस्तावेज नहीं मिलने पर युवती को बाल कल्याण समिति के सुपुर्द कर दिया गया है, जहां आगे की जांच की जाएगी।
वहीं खतौली इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र बघेल ने बताया कि गांव में दो बारात आने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने स्थिति को शांत कराया और दोनों बारातों को वापस भेज दिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.