मुजफ्फरनगर में विधवा ने दामाद पर 10 बीघा जमीन हड़पने का लगाया आरोप, एसएसपी से लगाई गुहार

HIGHLIGHTS
- पीड़िता सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे एसएसपी कार्यालय पहुंची
- लिखित शिकायत देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग
- महिला ने बुढ़ाना तहसील में मुंशी का काम करने वाले दामाद पर लगाया आरोप
- 16 मई 2024 को मंदवाड़ा में जमीन खरीदने की बात कही
मुजफ्फरनगर में शामली की एक विधवा महिला ने अपने दामाद पर धोखाधड़ी और कथित कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से करीब 10 बीघा कृषि भूमि और ट्यूबवैल अपने नाम कराने का आरोप लगाया है। महिला के अनुसार, वह अनपढ़ है और बुढ़ाना तहसील में मुंशी का काम करने वाले अपने दामाद पर भरोसा करती थी।
महिला का आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर जमीन से जुड़े दस्तावेजों में उसके साथ धोखाधड़ी की गई। पीड़िता सोमवार अपराह्न करीब 3:30 बजे एसएसपी कार्यालय पहुंची और लिखित शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कराने तथा जमीन वापस दिलाने की मांग की। शिकायत के संबंध में मीडिया से बातचीत करते हुए महिला भावुक होकर रो पड़ी।
शामली जिले के आदर्श मंडी थाना क्षेत्र के मुंडेट कलां गांव निवासी विधवा बाला पत्नी स्वर्गीय भोपाल के मुताबिक, उसने 16 मई 2024 को बुढ़ाना थाना क्षेत्र के मंदवाड़ा गांव में यामीन पुत्र वकील से करीब 10 बीघा कृषि भूमि खरीदी थी। महिला ने बताया कि जमीन की खरीद-बिक्री और बैनामे की कानूनी प्रक्रिया की जानकारी न होने के कारण उसने पूरी प्रक्रिया अपने दामाद के भरोसे छोड़ दी थी। उसका दामाद बुढ़ाना तहसील में मुंशी का काम करता है।
पीड़िता का आरोप है कि बैनामे की प्रक्रिया के नाम पर दामाद ने दस्तावेज तैयार कराए और उससे अलग-अलग कागजात पर अंगूठे लगवा लिए। महिला का दावा है कि इसी दौरान उसकी जानकारी के बिना उसी तारीख को कृषि भूमि का हिबानामा यानी दान-पत्र भी दामाद के नाम तैयार करा लिया गया और उस पर भी उसके अंगूठे लगवा लिए गए। शिकायत के अनुसार, इसके बाद राजस्व अभिलेखों में भी जमीन दामाद के नाम दर्ज हो गई।
महिला का आरोप है कि जब उसे इस मामले की जानकारी मिली और उसने अपनी जमीन वापस मांगी तो उसे धमकाया जाने लगा। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कानूनी कार्रवाई करने पर उसे और उसके दोनों बेटों को जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
पीड़िता ने एसएसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही आरोपी राहुल कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना, जालसाजी और धमकी देने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग की है। महिला ने अपनी जमीन और ट्यूबवैल वापस दिलाने की गुहार भी लगाई है।
पीड़िता के भांजे शिवम ने भी मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि उसकी मौसी की करीब 10 बीघा जमीन दामाद ने धोखाधड़ी के जरिए अपने नाम करा ली है। शिवम के मुताबिक, जमीन वापस मांगने पर धमकी दी जा रही है, इसी वजह से परिवार एसएसपी कार्यालय पहुंचा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.