नीट पेपर लीक: परीक्षा से 10 दिन पहले आरोपी के मोबाइल में थे सवाल, CBI ने कोर्ट में किया बड़ा दावा

HIGHLIGHTS
- NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में दो आरोपियों की जमानत पर 24 जुलाई को फैसला आएगा।
- सीबीआई का दावा, शिवराज मोटेगांवकर के मोबाइल से मिले 111 सवाल NTA के मास्टर पेपर से मेल खाते हैं।
- जांच एजेंसी ने कहा कि पेपर लीक से परीक्षा व्यवस्था और लाखों छात्रों पर असर पड़ा।
नई दिल्ली: NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में आरोपित डॉ. मनोज भगवानराव शिरूरे और शिवराज मोटेगांवकर की जमानत याचिकाओं पर अदालत 24 जुलाई को फैसला सुनाएगी। राउज एवेन्यू स्थित विशेष न्यायाधीश की अदालत में दोनों पक्षों की ओर से दलीलें पूरी कर ली गई हैं।
NTA के मास्टर प्रश्नपत्र से मिले 111 सवाल
सुनवाई के दौरान सीबीआई ने अदालत में कहा कि यह मामला केवल पेपर लीक तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लाखों छात्रों और देश की परीक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता से जुड़ा अपराध है।
जांच एजेंसी ने दावा किया कि आरोपित शिवराज मोटेगांवकर के मोबाइल फोन से 36 तस्वीरें मिली हैं। इन तस्वीरों में रसायन विज्ञान के 132 हस्तलिखित प्रश्न दर्ज थे। सीबीआई के अनुसार, जांच में इनमें से 111 प्रश्न एनटीए के मास्टर प्रश्नपत्र से मेल खाते पाए गए।
सीबीआई ने बताया कि इस मामले में अब तक 13 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। दोनों आरोपितों की जमानत याचिकाओं पर अदालत अब 24 जुलाई को अपना फैसला सुनाएगी।
परीक्षा से करीब 10 दिन पहले ली गई थीं तस्वीरें
सीबीआई ने अदालत में दलील दी कि ये प्रश्न एनटीए के पेपर सेटिंग पैनल से जुड़े पीवी कुलकर्णी के माध्यम से लीक हुए थे। एजेंसी के मुताबिक, शिवराज मोटेगांवकर ने इन्हीं प्रश्नों के आधार पर अपने हाथ से नोट्स तैयार किए थे।
मोबाइल डाटा की जांच में सामने आया कि इन नोट्स की तस्वीरें परीक्षा से लगभग 10 दिन पहले ली गई थीं।
जांच एजेंसी ने यह भी बताया कि फोरेंसिक जांच में बरामद नोट्स शिवराज की ही लिखावट में पाए गए हैं। वहीं, लीक प्रश्नपत्र हासिल करने के लिए दी गई पांच लाख रुपये की रिश्वत की रकम दूसरे आरोपी डॉ. मनोज भगवानराव शिरूरे के ठिकाने से बरामद की गई है।
सीबीआई ने जमानत का किया विरोध
सीबीआई ने दोनों आरोपितों की जमानत का विरोध करते हुए कहा कि पेपर लीक के कारण परीक्षा प्रक्रिया प्रभावित हुई, लाखों अभ्यर्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा और सरकार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.