पेपर लीक के सवालों के बीच NTA ऑफिस में CISF तैनात, 39 जवान संभालेंगे सुरक्षा

HIGHLIGHTS
- NTA के नए कार्यालय में 39 CISF जवानों की तैनाती हुई है।
- सुरक्षा व्यवस्था मिंटो रोड स्थित गवर्नमेंट ऑफ इंडिया प्रेस बिल्डिंग में की गई है।
- CISF जवान एंट्री और एग्जिट प्वॉइंट की निगरानी करेंगे।
नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा से जुड़े अपने संवेदनशील कामकाज की सुरक्षा बढ़ा दी है। नई दिल्ली स्थित NTA कार्यालय में 39 CISF जवानों की तैनाती की गई है। ये जवान गोपनीय क्षेत्रों की निगरानी करने के साथ प्रवेश और निकास को नियंत्रित करेंगे तथा स्टाफ और विजिटर्स की जांच करेंगे।
यह सुरक्षा व्यवस्था पेपर लीक और प्रशासनिक कमियों को लेकर लगातार उठ रहे सवालों के बीच की गई है। इनमें संवेदनशील परीक्षा सामग्री के रखरखाव और प्रबंधन में सामने आई गड़बड़ियां भी शामिल हैं।
CISF जवानों को मिंटो रोड स्थित गवर्नमेंट ऑफ इंडिया प्रेस बिल्डिंग में गोपनीय क्षेत्रों के एंट्री और एग्जिट प्वॉइंट पर तैनात किया गया है। उनकी जिम्मेदारी एक्सेस कंट्रोल और स्क्रीनिंग की होगी। इसके तहत एक्स-रे बैगेज स्क्रीनिंग मशीन और डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर के जरिए जांच की जाएगी।
NTA ने अपने नए कार्यालय में गोपनीय क्षेत्रों को अलग से चिन्हित किया है। परीक्षा सामग्री तक किसी भी अनधिकृत पहुंच को रोकने के लिए इन क्षेत्रों में आवाजाही और कामकाज की निगरानी की जाएगी।
एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, बिल्डिंग में गोपनीय क्षेत्रों की पहचान की गई है और यहां आवाजाही व कामकाज पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी, ताकि एक फूलप्रूफ सिस्टम सुनिश्चित किया जा सके। गृह मंत्रालय ने इस बिल्डिंग की सुरक्षा के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की तैनाती को मंजूरी दी है।
NTA ने संवेदनशील कामकाज नए कार्यालय में किया शिफ्ट
सुरक्षा के ये इंतजाम NTA की ओर से अपने गोपनीय और संवेदनशील कामकाज को ओखला स्थित पुराने कार्यालय से मिंटो रोड की नई बिल्डिंग में स्थानांतरित किए जाने के बाद किए गए हैं।
अधिकारी ने बताया कि मिंटो रोड स्थित गवर्नमेंट ऑफ इंडिया प्रेस बिल्डिंग में NTA को 55,000 वर्ग फीट से अधिक का समर्पित कार्यालय स्थान दिया गया है। बिल्डिंग की पांचवीं मंजिल के साथ चौथी और छठी मंजिल के कुछ हिस्से NTA को आवंटित किए गए हैं। पिछले एक महीने के दौरान गोपनीय और संवेदनशील कामकाज को नए कार्यालय में शिफ्ट कर दिया गया है।
गवर्नमेंट ऑफ इंडिया प्रेस बिल्डिंग के अन्य हिस्सों की सुरक्षा पहले से ही CISF के जिम्मे है। अब NTA के परीक्षा संबंधी गोपनीय क्षेत्रों के लिए भी अलग और समर्पित सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध होगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.