50 करोड़ का सोना, 1.5 करोड़ कैश... मलबे से निकला नेपाल बाढ़ में बह चुका बैंक का खजाना

HIGHLIGHTS
- कृषि विकास बैंक की त्रिशूली ढुंगे शाखा में चला करीब आठ घंटे का बचाव अभियान।
- जेसीबी और क्रेन की मदद से बैंक के बेसमेंट से लॉकर बाहर निकाले गए।
- लॉकरों को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर खोला गया।
काठमांडू। नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के कारण घर, इमारतें, वाहन और दूसरी चीजें कई फीट मलबे में दब गई हैं। बाढ़ प्रभावित इलाकों में कई बैंक भी मलबे में दबे हुए हैं। त्रिशूली में ऐसे ही एक बैंक से नेपाल पुलिस ने करीब 50 करोड़ रुपये का सोना, डेढ़ करोड़ नेपाली रुपये और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। नेपाल पुलिस की ओर से जारी वीडियो में बैंक से निकाले गए लॉकरों को जेसीबी मशीनों के जरिए ले जाते हुए देखा जा सकता है।
नेपाल पुलिस के अनुसार, करीब आठ घंटे तक लगातार चले अभियान के बाद कृषि विकास बैंक की त्रिशूली ढुंगे शाखा से लगभग 1.5 करोड़ रुपये नकद, अनुमानित 50 करोड़ रुपये का सोना और महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित स्थान पर पहुंचाए गए। वीडियो में नेपाल पुलिस के जवान बैंक के बेसमेंट तक पहुंचने के लिए मलबा हटाते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में क्या-क्या दिखाई दिया?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए वीडियो में बचाव अभियान की पूरी प्रक्रिया दिखाई गई है। शुरुआत में क्रेन की मदद से मलबा हटाया जाता है। इसके बाद बचावकर्मी बैंक के बेसमेंट में रखे लॉकरों को बाहर निकालते नजर आते हैं। लॉकरों को जेसीबी मशीनों पर रखकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया जाता है। वीडियो में नेपाल पुलिस के जवान चाबियों की मदद से इन लॉकरों को खोलते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।
इससे पहले नेपाल में रसुवा और ऊपरी इलाकों में स्थित एक बैंक की तिजोरी बहकर त्रिशूली नदी के रास्ते धाड़िंग पहुंच गई थी। यहां तिजोरी तोड़कर उसमें रखी नकदी निकालने के आरोप में 29 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। बाढ़ के पानी में बहने के बाद तिजोरी नदी के बहाव के साथ नीचे की ओर बहकर धाड़िंग पहुंची थी।
बैंक लॉकर से लोगों ने निकाले थे 92 लाख रुपये
सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल पुलिस की संयुक्त गश्ती टीम ने मौके से इन संदिग्धों को पकड़ा था। आरोप है कि वे क्षतिग्रस्त तिजोरी से पैसे निकाल रहे थे। अधिकारियों ने समूह के पास से 92,68,505 रुपये नकद बरामद किए और 29 लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
नेपाल पुलिस ने बाढ़ के दौरान नारायणी नदी में बहकर आए एक महिला के शव से कथित तौर पर सोने की बालियां निकालने के आरोप में दो लोगों को भी गिरफ्तार किया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस ने 41 सेकंड के वीडियो के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान की। वीडियो में दोनों व्यक्ति महिला के शव को नदी से बाहर निकालते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने महिला के दोनों कानों से बालियां निकाल लीं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.