पटना: बालू माफियाओं ने पुलिस पर बरसाईं गोलियां, SI समेत कई घायल; दो गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- पुलिस को सोन नदी घाट पर अवैध बालू खनन की सूचना मिली थी
- हथियारबंद लोगों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी
- जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी घायल हुआ
बिहटा। पटना में रविवार तड़के अपराधियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। बिहटा के परेव में हुई इस घटना में एक सब इंस्पेक्टर राजू कुमार सिंह और एक अपराधी को गोली लगी।
बिहटा थानाध्यक्ष भी घटना में घायल हुए हैं। घायल अपराधी को इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा गया है, जबकि एसआई और थानाध्यक्ष का उपचार सदर अस्पताल में कराया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर पश्चिमी सिटी एसपी संकेत कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से एक कार्बाइन, एक पिस्टल, दो देसी कट्टे, बड़ी संख्या में कारतूस और बालू से लदी एक नाव बरामद की है।
अवैध खनन की सूचना पर पहुंची थी पुलिस
बताया जा रहा है कि बिहटा पुलिस को सूचना मिली थी कि परेव सोन नदी घाट पर अवैध तरीके से बालू का उत्खनन किया जा रहा है। साथ ही नाविकों से रंगदारी मांगने की भी जानकारी मिली थी।
सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां मौजूद दर्जनों हथियारबंद बालू माफियाओं ने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी।
अपराधियों की फायरिंग में दारोगा को लगी गोली
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। अपराधियों की ओर से की गई गोलीबारी में दारोगा राजू कुमार की बांह में गोली लगी।
मुठभेड़ में एक अपराधी भी घायल हुआ है। बिहटा थानाध्यक्ष अमित कुमार समेत कई पुलिस अधिकारियों के भी घायल होने की सूचना है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने दो बालू माफियाओं को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.